
नई दिल्ली, 7 जुलाई (Udaipur Kiran) । रोहिणी जिले के विजय विहार थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है जबकि दो नाबालिग अपराधियों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से मृतक का मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज भी बरामद किये हैं। पकड़े गए आरोपितों की पहचान विजय विहार निवासी करण उर्फ डोरेमोन, आकाश,
सुमित, राहुल और दो नाबालिगों के रूप में हुई है।
रोहिणी जिले के डीसीपी राजीव रंजन के अनुसार 29 जून को पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) पर एक कॉल मिली। जिसमें विजय विहार स्थित महाराणा प्रताप पार्क में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि लगभग 25 वर्षीय युवक के हाथ सफेद गमछे से पीछे बंधे हुए थे और वह मृत अवस्था में था। जांच में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी मनीष के रूप में हुई।
विजय विहार थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
डीसीपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि मृतक मनीष का सोनिया (परिवर्तित नाम) नाम की एक लड़की से प्रेम संबंध था। जब सोनिया को पता चला कि मनीष पहले से विवाहित है, तो उसने संबंध समाप्त कर दिया। मनीष दो दिन पहले ही दिल्ली आया था और सोनिया से मिलने की कोशिश कर रहा था। सोनिया द्वारा मना करने पर वह आहत था।
मृतक का शव सोनिया के घर से कुछ ही दूरी पर मिला। जिससे संदेह हुआ कि यह हत्या सोनिया या उसके भाई विक्की द्वारा बदले की भावना से कराई गई हो सकती है।
मामले काे गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी
फुटेज की गहन जांच और तकनीकी निगरानी के जरिए मृतक के मोबाइल की सक्रियता देखी गई। इस बीच पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छह आरोपिताें को पकड़ा। जिनमें चार वयस्क और दो नाबालिग शामिल हैं।
पूछताछ में सभी ने हत्या में संलिप्तता स्वीकार की। आरोपिताें के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पूछताछ में
गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि उन्होंने लूटपाट के इरादे से मनीष को अकेला पाकर निशाना बनाया। जब उसने विरोध किया तो उन्होंने उसे गमछे से बांधा और गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद उसका मोबाइल और बैग लूटकर स्कूटी पर फरार हो गए।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
