Uttar Pradesh

बहनों ने भाई की लम्बी उम्र के लिए किया टीका

भाई दूज

-प्रयागराज के बलुआघाट, सुजावन देव मंदिर में उमड़ी भीड़

प्रयागराज, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भाई दूज पर गुरूवार को बहनों ने यमुना में स्नान, पूजन कर दान किया। इस दौरान भाइयों की लम्बी उम्र के लिए टीका कर उनके दीर्घायु होने की ईश्वर से कामना की। भाइयों ने टीका के बाद बहनों को नेग दिया।

प्रयागराज के बलुआघाट पर यमुना में बड़ी संख्या में महिलाओं ने यम द्वितीया, भाई दूज पर परिवार सहित स्नान किया। इस दौरान घाट पर स्नान करने वालों की भोर से शाम तक भीड़ लगी रही।

आज बड़ी संख्या में महिलाओं ने यमुना में स्नान कर पूरे विधि विधान से पूजन के बाद भाइयों को टीका किया। शहर से 30 किमी दूर मयुना नदी के किनारे सुजावन देव मंदिर के पास विशाल मेला लगा है। पूजन करने के उपरांत परिवार के साथ मेले का आनंद उठाया।

ऐसी मान्यता है कि इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर गए थे। देवी यमुना ने उनका खूब अच्छे से आदर-सत्कार किया, उन्हें स्वादिष्ट भोजन कराया और उनके माथे पर तिलक लगाया। इससे प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें यह वरदान दिया कि जो भाई आज के दिन अपनी बहन के घर जाकर तिलक करवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा और वह दीर्घायु प्राप्त करेगा। इसी वजह से इस पर्व को यम द्वितीया भी कहा जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं और तिलक लगाती हैं। वहीं, भाई भी बहन को उपहार देते हैं और उनकी सदैव रक्षा का वचन देते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top