
सिरसा, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा में विश्व बंधुत्व दिवस पर मंगलवार को विश्वविद्यालय के टैगोर लेक्चर थियटर में स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण की स्मृति में सेमिनार का आयोजन किया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि विश्व बंधुत्व का संदेश पूरे मानव समाज को एक सूत्र में पिरोता है। आज की वैश्विक परिस्थितियों में भाईचारे, सहयोग और आपसी सौहार्द की भावना ही मानवता को आगे ले जा सकती है। शहीद भगत सिंह व स्वामी विवेकानंद मंच स्थापित करने की घोषणा भी इस कार्यक्रम में की गई।
मुख्य वक्ता के तौर पर बोलते हुए शिक्षाविद डॉ अशोक बत्रा ने कहा कि विश्व बंधुत्व दिवस हमें यह सिखाता है कि विभिन्नता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में शांति, सद्भावना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन से संबंधित अनेक अनुकरणीय उदहारण देकर युवाओं को उन द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर के जीवन में आगे बढऩे के लिए विधार्थियों को प्रेरित किया।
डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भाईचारा और बंधुत्व ही स्थायी शांति और प्रगति का आधार है। उन्होंने विवेकानंद के जीवन पर अपने विचार रखे और कहा की जिस प्रकार स्वामी विवेकानंद ने पहले स्वयं को जाना और फिर अपनी प्रतिभा का जोहर विश्व में दिखाया उसी प्रकार विधार्थी भी अपनी छुपी हुई प्रतिभा को जाने और राष्ट्र निर्माण में आपने भागीदारी सुनिश्चित करें।
स्वामी विवेकानंद केंद्र,कन्यकुमारी से आए लाल बहादुर शास्त्री ने केंद्र के संबंध में जानकारी दी। स्वामी विवेकानंद केंद्र हरियाणा के अध्यक्ष दशरथ चौहान ने बताया की स्वामी का शिकागो का भाषण युवा वर्ग के लिए प्रेरणा के रूप में पेश किया जाता है। उनका यह भाषण युवाओं को आत्मसम्मान, स्वावलंबन, और नैतिक जीवन की ओर प्रेरित करता है। इस कार्यक्रम में डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुरेश गहलावत, प्रो. काशिफ किदवई ,प्रो. अशोक शर्मा, डॉ. रविंदर, डॉ. रोहतास सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma
