
सिरसा, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । सिरसा जिले के गांव माखोसरानी के निकट नोहर फीडर नहर बुधवार को टूट गई। नहर टूटने से चोपटा कस्बे के गांव माखोसरानी, दड़बा कलां व नहरांवाली के तीन सौ एकड़ रकबे में जलभराव हो गया। इससे नरमा व धान की फसलों को नुकसान हुआ है। नहर टूटने की सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के एसडीओ हरदीप सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद नहर को नहराना हेड से बंद करवा गया। नोहर फीडर नहर गांव माखोसरानी के पास अचानक टूट गई। इसके बाद नहर में करीबन सौ फीट कटाव हो गया। कटाव ज्यादा होने से पानी खेतों की तरफ तेजी से बढऩे लगा। नहर टूटने की सूचना किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी।
इसके बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नहर को नहराना हेड से बंद करवा दिया गया। चोपटा क्षेत्र के सेमग्रस्त गांवों में मानसून की अधिक बरसात होने से जलभराव के कारण फसलों को पहले भी नुकसान हो चुका है। अब जलभराव होने से अगली फसल बिजाई करने में किसानों को परेशानी आएगी। किसानों ने बताया कि दड़बा कलां, माखोसरानी व नहरांवाली में नहर टूटने से काफी नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि नहराना हेड से नोहर नहर फीडर को बंद कर दिया गया। इसके बाद शेरांवाली में पानी डाला गया। शेरांवाली नहर में कई जगह पर किसानों ने मोगे बंद कर रखे हैं। वहीं नहर कई जगह से क्षतिग्रस्त है। इससे शेरांवाली नहर टूटने का भी खतरा बन रहा है। सिंचाई विभाग के एसडीओ हरदीप सिंह ने बताया कि नोहर फीडर नहर गांव माखोसरानी के पास बुधवार को टूट गई। नहर में नहराना हेड से पानी बंद करवा दिया गया है। नहर में आए कटाव को जल्द ही बंद करवा दिया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma
