Haryana

सिरसा: राष्ट्रव्यापी हड़ताल का सिरसा जिले में असर

रोडवेज परिसर में धरना देते कर्मचारी।
सुनसान पड़ा सिरसा का बस अड्डा।

सिरसा, 9 जुलाई (Udaipur Kiran) । केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर कर्मचारी संगठनों द्वारा की जा रही राष्ट्रव्यापी हड़ताल का सिरसा जिले में असर देखने को मिल रहा है। रोडवेज कर्मचारियों ने बुधवार सुबह ही बस अड्डा परिसर में मोर्चा लगा दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रोडवेज का चक्का जाम होने से यात्री प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि सरकार द्वारा किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित की जाने वाली कुछ बसें अपने रूटों पर चलीं, लेकिन लंबे रूटों पर चलने वाली बसों का संचालन नहीं हुआ। हड़ताल के चलते जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं और बस अड्डे सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार रोडवेज कर्मचारियों ने सिरसा से चंडीगढ़ व दिल्ली रूट पर चलने वाली बसों का संचालन नहीं होने दिया और बसों को बस अड्डा परिसर में ही रोक दिया गया। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते यात्री परेशान हैं। वहीं प्राइवेट बस संचालक व टैक्सी संचालक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा रहे हैं। हड़ताल का असर रोडवेज के अलावा बिजली निगम, बैंकिंग, बीमा, डाक, जन स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों में भी देखने को मिला है। सुबह 10 बजे के करीब बिजली निगम के कर्मचारी भी निगम कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।

सर्व कर्मचारी संघ के नेता पृथ्वी सिंह और अन्य कर्मचारी नेताओं ने बताया कि सरकार को बार-बार चेताने के बाद भी कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना जा रहा है। रोष स्वरूप कर्मचारियों को हड़ताल करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सुबह चंडीगढ़ जाने वाली बस को रोककर हड़ताल की शुरुआत की गई। उन्होंने सरकार को चेतावनी व अपील करते हुए कहा कि कर्मचारियों की जल्द से जल्द मांगों को माना जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती तब तक कर्मचारी पीछे नहीं हटेंगे। रोडवेज विभाग किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित की जाने वाली बसों को बस अड्डे की बजाय पुलिस लाइन में खड़ा कर दिया और यहीं से बसों का संचालन हुआ। रोडवेज परिसर में जो बसें खड़ी थीं, कर्मचारियों ने उन्हें बाहर नहीं आने दिया।

वहीं यात्रियों का कहना है कि इस हड़ताल के चलते उन्हें काफी परेशानी हो रही है। यात्रा के लिए कोई भी रोडवेज की बस नहीं मिल रही है, मजबूरी में प्राइवेट साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस हड़ताल को किसान व मजदूर संगठनों का भी समर्थन है।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Most Popular

To Top