
सिरसा, 1 नवंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा दिवस के अवसर पर शनिवार को सिरसा के पंचायत भवन में सांस्कृतिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने सबका मन मोहा वहीं पारंपरिक खानपान की झलक भी दिखी। कार्यक्रम में नलवा विधानसभा से विधायक रणधीर पनिहार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और पारंपरिक खानपान से संबंधित प्रदर्शनी, पेंटिंग व क्ले मॉडलिंग प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा दिखाई गई प्रतिभा की सराहना की। मुख्यातिथि ने महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम द्वारा मोटे अनाज से बनाए गए पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखते हुए कहा कि यह हमारी पुरानी संस्कृति और आत्मनिर्भर भारत की झलक है। इस अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण दिखाया गया। विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि हरियाणा ने 59 वर्ष में प्रगति की नई गाथा लिखी है, आज हरियाणा पुरातन को छोडक़र नवसंकल्प के साथ नवनिर्माण की दिशा में लगातार आगे बढ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षय विकसित भारत में हरियाणा सबसे आगे विकसित हरियाणा प्रदेश बनने के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में हरियाणा ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। हमारा संकल्प है कि आने वाले वर्षों में हरियाणा देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल हो। आज हरियाणा शिक्षा, स्वास्थ्य और सड? ढांचे में देश के अग्रणी राज्यों में से एक है।
सांस्कृतिक उत्सव कार्यक्रम में पारंपरिक देशी खानपान कचरी की सब्जी, बाजरे की रोटी, गुड़ के चावल, बाजरे व मोठ की खिचड़ी, चूरमा देसी घी का, गुड़ के पूड़े, चूरमे के लड्डू, पेड़े, गुलगुले, गुड की सुहाली, गोंद के लड्डू, राबड़ी, मोटा अनाज से बने पकवान की प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने हरियाणवी संस्कृति पर आधारित पेंटिंग का प्रदर्शन किया।
इस मौके उपायुक्त शांतनु शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सिरसा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, भाजपा जिलाध्यक्ष डबवाली रेणु शर्मा, जगदीश चोपड़ा, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, रोहताश जांगड़ा, हनुमान कुंडू, अंबर, श्याम बजाज, कुलदीप पारीक, भूपेंद्र खट्टर एडवोकेट, सुरेश पवार, पार्षद सुमन शर्मा आदि मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma