
सिरसा, 16 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि केंद्र सरकार का 11 साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार ने जनता से किए हर वादे को पूरा करने का काम किया है। कृष्ण बेदी सोमवार को सिरसा में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर महत्वपूर्ण योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे थे।
सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा सिरसा स्थित सरल केंद्र परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कैबिनेट मंत्री ने जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी ली। कृष्ण बेदी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किए हैं। संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत इन कार्यों की जानकारी देने के लिए जनता के बीच जाएंगे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण से लेकर महिला सशक्तिकरण, किसान के हितों की रक्षा और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण सहित हर वर्ग-क्षेत्र में विकास हुआ है।
कृष्ण बेदी ने कहा कि आज हर परिवार का बच्चा जो योग्यता रखता है, वे बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरी में बड़े-बड़े पदों पर आसीन हो रहे हैं। आज हर कोचिंग सेंटर पर बड़ी संख्या में युवा कोचिंग के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी बनाकर कर्मचारियों को राहत देने का काम किया है। मंत्री ने कहा कि अब किसानों को न केवल उचित मुआवजा दिया जा रहा है, बल्कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छह हजार रुपये किसानों के खातों में दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद कर रही है। किसानों के खातों में फसल बेचने के उपरांत सीधी राशि भेजी जाती है।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma
