Haryana

सिरसा: बाढ़ व बरसात प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दे सरकार: औलख

प्रभावित फसलों का जायजा लेते किसान नेता लखविंद्र सिंह औलख।

सिरसा, 8 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय किसान एकता (बीकेई) के प्रदेश अध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने सोमवार को बरसात प्रभावित गांवों का दौरा किया और जलभराव से खराब हुई फसलों का सरकार से मुआवजा देने की मांग की। किसान नेता ने कहा कि सिरसा जिले सहित पूरे हरियाणा की खरीफ की फसल लंबी बरसात व जलभराव से खत्म हो गई है। जिसमें मुख्यत: नरमा, कपास, गवार, बाजरा, मूंगफली, मूंग, हरी सब्जियां, बागवानी व धान सहित सभी फसलें खत्म हो गई हैं। कई जिलों में बाढ़ से फसलें डूब गई हैं। किसानों के ट्यूबवेल भी बाढ़ की चपेट में आकर खराब हो गए हैं।

घग्गर नदी के किनारे बसे गांवों की सारी फसलें खत्म हो गई है। किसान नेता ने कहा कि गांव साहुवाला के किसानों ने अपनी नरमा, कपास, ग्वार व मूंग फसलों को दिखाया, जिसमें अभी भी दो-दो फुट पानी भरा हुआ है। जिन खेतों में पानी सूख रहा है, वह भी पूरी तरह से झुलस रहे हैं। पूरे सिरसा जिले के हर गांव में फसलों की यही स्थिति है। कई गांवों में धान की फसल भी खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को क्षतिपूर्ति पोर्टल का झुनझुना पकड़ाने की बजाय सरकार एपीआई गिरदावरी रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा दे।

कृषि विभाग से अपील है कि फसलों के नुकसान को देखते हुए सही रिपोर्ट तैयार करें, ताकि किसान को उसका बनता बीमा क्लेम मिल सके। बाढ़ की चपेट में आए किसानों को फसलों के नुकसान के साथ-साथ उनके मकानों व ट्यूबवैलों का भी मुआवजा दिया जाए। इस मौके पर सरबजीत सिंह कंबोज, गुरचरण सिंह ज्ञानी, गुरप्रीत सिंह खालसा, रेशम सिंह, लखविंदर सिंह लीला, जगदेव सिंह, गुरविंदर सिंह, बलवंत सिंह, गुरलाल सिंह, हरबंस सिंह, बलकरण सिंह, गुलजार सिंह, बिंदर सिंह, काका सिंह, मग्घर सिंह, हरदेव सिंह दंदीवाल सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Most Popular

To Top