Haryana

सिरसा: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को अर्पित किए श्रद्धा सुमन

डबवाली में गांधी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते कांग्रेस नेता अमित सिहाग।

सिरसा, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुुरुवार को सिरसा जिले के डबवाली शहर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डबवाली के पूर्व विधायक अमित सिहाग ने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए सबसे पहले किसान हित में चंपारण आंदोलन और फिर नमक कानून के खिलाफ दांडी यात्रा, असहयोग आंदोलन तथा भारत छोड़ो आंदोलन चला अंग्रेजों को भारत से जाने के लिए विवश किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी ने देश की आजादी के लिए वस्त्र त्याग करते हुए केवल धोती और चद्दर ओढ़ कर अंग्रेजों के खिलाफत आंदोलन किया और देश आजाद करवाया जो उनके आत्मविश्वास का सबसे बड़ा प्रतीक है।

पूर्व विधायक ने कहा कि जिस प्रकार गांधी ने धोती और चद्दर ओढ़ कर अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी ठीक उसी प्रकार आज नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूदा सरकार की नीतियों के खिलाफ केवल एक टी शर्ट और पेंट पहन भारत जोड़ो यात्रा जैसे प्रकल्प चला सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि हम सबको राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलते हुए मौजूदा समय में उनकी सोच पर चल रहे राहुल गांधी के साथ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करना चाहिए।

स्व. शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए पूर्व विधायक ने कि लाल बहादुर शास्त्री द्वारा जय जवान जय किसान का जो नारा दिया गया था वह आज भी प्रचलित है और लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिखाए गए मार्ग पर हम सब चलते हुए जवान और किसान को सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि शास्त्री सादगी और ईमानदारी के प्रतीक थे और प्रधानमंत्री के रूप में छोटे से कार्यकाल में उन्होंने अनेक देशहित के कार्य किए जिनके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।

कांग्रेस नेता डा. केवी सिंह ने कहा कि स्वर्गीय शास्त्री और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का देश की आजादी में बहुत बड़ा योगदान था और उनके योगदान को याद करते हुए हमारा शीश स्वयं ही उनके समक्ष नतमस्तक हो जाता है। डॉ. सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा आगामी तीन अक्टूबर से मौजूदा सरकार द्वारा संविधान से छेड़छाड़ करने तथा वोट के अधिकार को छीनने के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चला मौजूदा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। इसके उपरांत सभी कार्यकर्ता डबवाली के गांधी चौक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Most Popular

To Top