
कुलपति ने वाटर वूमेन के साथ किया वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत
प्रयागराज, 22 जून (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में रविवार को ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित पंचतत्व सिंदूर यात्रा के पहुंचने पर सिंदूर वाटिका बनाने का कार्य प्रारम्भ किया है। पंचतत्व संस्था की संस्थापक वाटर वूमेन शिप्रा पाठक ने मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम के साथ विश्वविद्यालय के यमुना परिसर में वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर उन्होंने सिंदूर, चंदन, तेजपत्ता, इलायची, पाकड़, नीम और गंधराज के पौधों का रोपण किया। शिप्रा पाठक ने बताया कि 5 जून को दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिह के बंगले पर सिंदूर का पौधा लगाकर पांच राज्यों के 7000 किलोमीटर की वाहन यात्रा प्रारम्भ की गई। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान गुजरात के बाद यात्रा पुनः वाराणसी होते हुए प्रयाग पहुंची है। इस यात्रा में 38,000 लोग जुड़े और ढाई लाख पौधों को लगाने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही सिंदूर वटिका के लिए 11 लाख सिंदूर के बीजों का संकल्प लिया गया।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान 21 कुलपतियों ने अपने कैंपस में पौधारोपण किया। उन्होंने प्रोफेसर सत्यकाम के साथ आज यमुना परिसर में वृक्षारोपण कर सिंदूर वाटिका का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि विगत 10 वर्षों में पंचतत्व संस्था द्वारा 25 लाख पौधे रोपित किया जा चुके हैं। इसके साथ ही महाकुम्भ में 25 लाख पौधों का वितरण थाली एवं कपड़े के थैलों के साथ किया जा चुका है।
मूलत बदायूं, उत्तर प्रदेश की रहने वाली शिप्रा पाठक ने समाज सेवा का पाठ अपनी दादी से सीखा। उनकी दादी स्वर्गीय सतोष कुमारी पाठक 20 वर्षों तक विधायक रहीं। अभी तक 13,000 किलोमीटर की पदयात्रा कर चुकी शिप्रा पाठक ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण, नदी संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त भारत, भारतीय संस्कृति का विस्तार, तालाबों का पुनरुद्धार तथा पुराने मंदिरों का जीर्णोद्धार करना है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज से आगे बढ़ते हुए यात्रा लखनऊ में गोमती के किनारे विश्राम लेगी।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने शिप्रा पाठक का स्वागत करते हुए कहा कि पर्यावरण को संरक्षित करना हम सब की जिम्मेदारी है। विश्वविद्यालय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को आगे बढ़ाना बहुत ही उत्कृष्ट कार्य है। उन्होंने कहा आज पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार भी विभिन्न अभियान चला रही हैं। जिसके अंतर्गत एक पेड़ मां के नाम का भी पौधरोपण कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर शिव शंकर सिंह, कुलसचिव कर्नल विनय कुमार, डॉ देवेश रंजन त्रिपाठी, प्रोफेसर ए के मलिक, डॉ अभिषेक सिंह, डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र आदि उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
