
प्रयागराज, 17 अगस्त (Udaipur Kiran) । प्रयागराज के शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह की संस्तुति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विवेकाधीन कोष से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के उपचार के लिए अब तक 3,67,09,000 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
यह जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश तिवारी ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 तक 73,02,700 रूपये की सहायता 41 मरीजों को दी गयी। एक अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक 90,35,550 रूपये की सहायता 39 मरीजों को मिली। एक अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक 15,01,0750 रूपये की सहायता 67 मरीजों को प्रदान किया गया। एक अप्रैल 2025 से 15 अगस्त 2025 तक 53,60,000 रूपये की सहायता 22 मरीजों को लाभ मिला। यह राशि एक अप्रैल 2022 से लेकर अब तक के दौरान 169 जरूरतमंद मरीजों को दी गई, जिससे उन्हें समय पर बेहतर इलाज मिल सका।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की संवेदनशीलता और सरकार की प्रतिबद्धता के कारण गरीब और असहाय मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि आगे भी प्रत्येक जरूरतमंद को मदद दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
