HimachalPradesh

हिमाचल में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर शान्ता कुमार ने जताई चिंता

पालमपुर, 21 नवंबर (Udaipur Kiran) । पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने हिमाचल प्रदेश में तेजी से बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शांतिप्रिय माने जाने वाले इस पर्वतीय प्रदेश में अपराधों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो अत्यंत चिंताजनक है।

शान्ता कुमार ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि आज के समाचार पत्रों में प्रकाशित दो घटनाएं प्रदेश की सुरक्षा स्थिति पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाती हैं। ऊना ज़िले में एक जन्मदिन समारोह के दौरान चली गोलियों में जन्मदिन मना रहे युवक की हत्या हो गई, जबकि सोलन जिले के एक विश्वविद्यालय परिसर में भी गोलीबारी की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन ऐसी वारदातों का सामने आना प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा के वयोवृद्ध नेता ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग सत्ताधारी नेताओं के संरक्षण में कानून-व्यवस्था को नुकसान पहुँचा रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हिमालय की गोद में बसे इस देवभूमि को पूरे देश में शांतिप्रिय प्रदेश के रूप में जाना जाता था, परंतु लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था इसकी छवि पर धब्बा लगा रही है।’

उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाकर इस व्यवस्था को सुधारने का ठोस प्रयास करे।

—————

(Udaipur Kiran) शुक्ला