Uttar Pradesh

बड़ी उपलब्धि:रामनगर, सुजाबाद सहित नगर निगम के पुराने 18 वार्डो में सीवरेज, पेयजल की सौगात

फोटो प्रतीक

—रु0 1187 करोड़ की लागत से जलापूर्ति योजना तथा सीवर नेटवर्क एवं हाउस कनेक्शन का कार्य होगा,योगी सरकार ने स्वीकृति दी

वाराणसी,24 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के रामनगर, सुजाबाद सहित नगर निगम के पुराने 18 वार्डो में रहने वाले नागरिकों की बड़ी समस्या का समाधान होगा। प्रदेश सरकार ने इन इलाकों में रु0 1187 करोड़ की लागत से जलापूर्ति योजना, सीवर नेटवर्क एवं हाउस कनेक्शन के कार्य को स्वीकृति देकर नागरिकों को दशहरा पर्व पर बड़ी सौगात दी है। नगर निगम के नव विस्तारित क्षेत्र सुजाबाद डोमरी में रु0 37 करोड़ की लागत से पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाईन बिछाने एवं पेयजल आपूर्ति का कार्य भी कराया जाएगा। यह जानकारी नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी। बताया गया कि प्रदेश के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वाराणसी के लिये रु0 1187 करोड़ की कई परियोजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गयी। इनमें नवविस्तारित के सम्पूर्ण रामनगर क्षेत्र में कुल रु0 292 करोड़ की लागत से जलापूर्ति योजना तथा सीवर नेटवर्क एवं हाउस कनेक्शन का कार्य किया जायेगा। इतनी बड़ी धनराशि से पहली बार रामनगर क्षेत्र में सीवरेज एवं पेयजल पाईप लाइन बिछाने का कार्य किया जाना है। इसी क्रम में नगर निगम के पुराने 18 वार्डो में रु0 858.63 करोड़ की लागत से पेयजल लाईन एवं सीवरेज लाईन बिछाने के लिए शासन ने स्वीकृति प्रदान की। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने रामनगर, सुजाबाद तथा 18 वार्डो क्रमशः शिवाला, नगवॉ, बागहाड़ा, जंगमबाड़ी, बंगालीटोला, दुर्गाकुण्ड, नरिया, सरायनन्दन, जोल्हा उत्तरी, भेलूपुर, कृतिवाशेश्वर, हुकुलगंज, नईबस्ती, शिवपुरवा, तुलसीपुर, बिरदोपुर, काजीपुरा में सीवरेज, पेयजल लाईन के कार्य कराये जाने के लिए जल निगम के अधिकारियों के साथ निरन्तर कई बैठकें की थी। इसके बाद जल निगम ने डी0पी0आर0 तैयार कर स्वीकृत के लिए शासन को भेजा था। शासन ने इसे स्वीकृति प्रदान कर दी। यह कार्य पूर्ण होने से वाराणसी शहर की सात लाख से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी। वाराणसी कैन्ट विधानसभा, दक्षिणी विधानसभा, उत्तरी विधानसभा तथा रोहनिया विधानसभा के नागरिक खास तौर पर लाभान्वित होगें।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top