Uttrakhand

रुद्रप्रयाग बस हादसे के चार दिन बाद भी नहीं मिले सात लोग

रुद्रप्रयाग, 29 जून (Udaipur Kiran) । ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोलतीर के समीप हुए यात्री वाहन हादसे में लापता सात लोगों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। लगातार हो रही बारिश से चौथे दिन रेस्क्यू अभियान नहीं हो सका। अलकनंदा नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है, जिस कारण खोज एवं बचाव कार्य रोकना पड़ा।

शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार दोपहर तक होती रही। इस दौरान नदी का बहाव बीते तीन दिनों की अपेक्षा बहुत ज्यादा तेज रहा, जिस कारण खोजबीन कार्य शुरू नहीं किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि 26 जून को हुए यात्री वाहन हादसे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। 7 लोग अब भी लापता चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कीर्तिनगर तक छह टीमों के द्वारा बीते तीन दिनों में सघन रेस्क्यू किया गया है। इस दौरान अलग-अलग दिन दो शव मिले थे, जिनकी शिनाख्त संजय सोनी और चेतना सोनी के रूप में हुई थी। बताया जा रहा है कि यह दोनों पति-पत्नी थे। इससे पूर्व हादसे के दिन दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

वहीं एक अन्य महिला गौरी सोनी का शव धारी देवी के समीप मिला था। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम में सुधार होते ही पुनः लापता लोगों की खोजबीन की जाएगी। उन्होंने बताया कि नदी का पानी गंदीला होने से खोजबीन में काफी दिक्कत हो रही है।

ट्रक का नहीं चला पता

रुद्रप्रयाग। दुर्घनाग्रस्त हुए यात्री वाहन को टक्कर मारने वाले ट्रक का कोई पता नहीं चल पाया है। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस और परिवहन विभाग के हाथ खाली है।

(Udaipur Kiran) / दीप्ति

Most Popular

To Top