
औरैया, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर औरैया जिले में कलेक्ट्रेट परिसर में उत्तर प्रदेश सूचना विभाग की ओर से 15 दिवसीय सेवा पर्व प्रदर्शनी बुधवार से लगाई गई है, जाे आमजन के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी का शुभारंभ सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया तथा जिला प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व व कृतित्व, न्यू इंडिया @2047 की परिकल्पना तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जीवंत चित्रों, दस्तावेजों व पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्टार्टअप से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी आमजन को आकर्षित कर रही है।
प्रदर्शनी काे लेकर जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में छात्र-छात्राएं, किसान, युवा और महिलाएं बढ़-चढ़कर शामिल होकर योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं। साथ ही विकसित उत्तर प्रदेश विजन डॉक्यूमेंट 2047 के लिए आमजन अपने सुझाव भी दर्ज कर रहे हैं। यहां विशेष रूप से लगाए गए सेल्फी प्वाइंट ने युवाओं को खूब आकर्षित किया। बड़ी संख्या में लोग यहां तस्वीरें लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर साझा कर जागरूकता का संदेश फैला रहे हैं।
इस दाैरान पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर, जिला सूचना अधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी, भाजपा जिला मंत्री विशाल शुक्ला, भाजपा नेता नितिन अवस्थी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और आमजन मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) कुमार
