


रांची, 27 सितंबर ( हि.स.)। सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत प्रदेश भाजपा की ओर से शनिवार को विशिष्ट जन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवा, कला, संस्कृति और लोकहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि रक्षा राज्य मंत्री और संजय सेठ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष तौर पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, विधायक सीपी सिंह, भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष वरुण साहू, लोकगायक पद्मश्री मुकुंद नायक, राधगोविंद विश्वविद्यालय के कुलपति बैजनाथ प्रसाद, पत्रकार अनुज सिन्हा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
सम्मानित होने वाले में मुख्य रूप से कला क्षेत्र से रमन गुप्ता, वर्षा लकड़ा, मनोज शहरी, राजू केरकेट्टा, अनीता बाड़ा, सरिता देवी, सामाजिक कार्यकर्ता रवि पीटर, पत्रकारिता के लिए अनुज कुमार सिन्हा, नवेन्दु उन्मेश, सोनाली दास, पीपी पाठक, सुनील सिंह, हर्ष सिन्हा, प्रमोद झा, इसरो के गुरु कमल सिंह, जगदेव सहित अन्य के नाम शामिल हैं।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मौजूदा समय में भारत तेजी से बढ़ रहा है और बदल भी रहा है। उन्होंने कहा कि देश तीव्र गति से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने देश भर में समाज के विशिष्ट जनों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। ये विशिष्ट जन अपने अपने क्षेत्र के अगुआ हैं। बढ़ते भारत, बदलते भारत में इनका योगदान सराहनीय है।
वहीं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने विषय प्रवेश कराते हुए कार्यक्रम की महत्ता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री का देश के 140 करोड़ लोगों के प्रति सम्मान को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। इस संकल्प को पूरा करने में सबका साथ महत्वपूर्ण है।
मोदी सरकार है परफॉर्मेंस की सरकार : सीपी
विधायक सीपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार अपनी नीतियों और कार्यक्रमों को धरातल पर उतार रही है। आज गांव, गरीब किसान आदिवासी दलित पिछड़े सभी विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। यह सरकार घोषणाओं की नहीं परफॉर्मेंस की सरकार है।
वहीं मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि विशिष्ट जन को सम्मानित करके पार्टी सम्मानित महसूस कर रही। विशिष्ट जन का सहयोग देश की प्रगति में निरंतर मिलता रहे, नई पीढ़ी इनके विशिष्ट समाजिक सांस्कृतिक कार्यों से प्रेरित होते रहे।
वहीं वरिष्ठ पत्रकार अनुज सिन्हा ने कहा कि भाजपा की यह पहल सराहनीय है। आज देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में ऐसा नेतृत्व मिला है जिसने भारत का सम्मान विश्व में बढ़ाया है।
कार्यक्रम में पद्मश्री मुकुंद नायक सहित कई विशिष्ट लोगों ने अपने विचार रखे।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
