Uttar Pradesh

सेवा समर्पण और अनुशासन भाजपा की पद्धति: धर्मपाल सिंह

भूमि पूजन करते धर्मपाल सिंह
अटल सभागार के शिलान्यास के अवसर पर मंचासीन धर्मपाल सिंह

लखनऊ,06 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। सेवा समर्पण और अनुशासन भारतीय जनता पार्टी की पद्धति और कार्य में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र है। कार्यकर्ता निर्माण और कार्यक्रम संचालन के लिए कार्यालय की आवश्यकता होती है।

भाजपा लखनऊ महानगर के ‘अटल कल्याण सभागार’ के भूमि पूजन व शिलान्यास के समय बोलते हुए धर्मपाल ने कहा कि कार्यालय को हम एक पवित्र मंदिर के रूप में देखते हैं। संगठनात्मक कार्यों को विधिवत संचालित करने के लिए महानगर कार्यालय का भवन का भी विस्तारीकरण किया जा रहा है। लखनऊ महानगर का संगठन प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ संगठनों में है जिसका दिन प्रतिदिन विस्तार और सशक्तिकरण हो रहा है।

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर में बहु प्रतीक्षित एक बड़े मीटिंग हॉल बनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। भाजपा कार्यालय सिर्फ भवन नहीं बल्कि पार्टी के विचार संकल्प और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का जीवंत प्रतीक होता है। कार्यालय विस्तार संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन को नई ऊर्जा देगा।

नीरज सिंह ने कहा कि कार्यालय किसी भी संस्था का मेरूदंड होता है जो विकास और उत्तरदायित्व का बोध कराता है। व्यवस्थित कार्यालय सुनिश्चित समय पर पार्टी के अभियानों और कार्यक्रमों को संपन्न करने का सशक्त आधार होता है। अटल सभागार राजनीति के पुरोधा और हम सभी के प्रेरणा स्रोत अटल जी और कल्याण सिंह को समर्पित है।

महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने वरिष्ठ नेताओं को अंग वस्त्र पहनकर स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट किया। आनंद द्विवेदी ने सभी जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारीयों के सहयोग से हो रहे सभागार निर्माण के लिए सभी का आभार प्रकट किया। आनंद द्विवेदी ने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यालय संगठन को और अधिक सशक्त करने का आधार बनेगा।

कार्यालय के विस्तारीकरण के उद्देश्य से प्रथम तल पर लगभग 3000 स्क्वायर फीट के नवीन सभागार का निर्माण किया जा रहा है। महानगर अध्यक्ष, मोर्चों के अध्यक्ष, अतिथि कक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम सहित आधुनिक तकनीक व सुविधाओं से युक्त अन्य आवश्यक निर्माण भी किए जाएंगे । नवीन सभागार व अन्य निर्माण 6 माह के अंदर बनकर तैयार होंगे।

महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, राकेश गुप्ता और दीपक शुक्ला को निर्माण कार्य की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top