
सिवनी, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । संपूर्ण भारत वर्ष के साथ सिवनी जिले में भी शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता का महापर्व हर्षाेल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित हुए जिलास्तरीय मुख्य समारोह में तिरंगे की शान और देशभक्ति का जोश हर ओर बिखरा नजर आया। मुख्य अतिथि कलेक्टर संस्कृति जैन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद के साथ परेड निरीक्षण किया। इसके बाद सशस्त्र बल द्वारा किया गया हर्ष फायर वातावरण में रोमांच भर गया।
पुलिस बैंड की मनमोहक धुनों पर परेड कमांडर गौरव सिंह मर्सकोले एवं उप कमांडर जितेंद्र रावतकर के नेतृत्व में पुलिस बल, होमगार्ड, वन रक्षक, सीनियर व जूनियर एनसीसी, शौर्य दल और स्काउट-गाइड सहित 20 प्लाटून ने आकर्षक मार्चपास्ट कर सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने लोकतंत्र सेनानियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण इस वर्ष का नवाचार रहा- भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जनता के नाम लाइव संबोधन, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक सुना। इसके बाद कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने जिले की कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों के साथ “गिफ्ट अ डेस्क” और “मिशन जीवन पर्यंत” जैसी नवाचार पहलों में जनसहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात शांति और सद्भाव के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गए, जिनके उड़ते ही वातावरण में उल्लास और उत्साह की लहर दौड़ गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी भव्य बना दिया। मिशन कन्या उच्चतर विद्यालय द्वारा दांडी यात्रा की जीवंत झलक, सेंट फ्रांसिस स्कूल और उदय पब्लिक स्कूल द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय द्वारा ‘गिफ्ट अ डेस्क’ पहल एवं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जनजातीय क्रांतिकारियों पर केंद्रित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की देशभक्ति से सराबोर प्रस्तुतियों ने स्टेडियम का माहौल देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
समारोह में 235 अधिकारी-कर्मचारियों, खिलाड़ियों और नागरिकों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मार्चपास्ट और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों एवं प्लाटूनों को भी पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय ने प्रथम, कन्या शिक्षा परिसर ने द्वितीय और सेंट फ्रांसिस स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विधायक दिनेश राय, विधायक कमल मर्सकोले, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष वैभव पवार, भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन, नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, पूर्व सांसद नीता पटेरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सीईओ नवजीवन विजय, अपर कलेक्टर सीएल चनाप, अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत सहित सभी विभागों के प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों और युवाओं की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
विशेष भोज में शामिल हुए कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधि
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह की मुख्य अतिथि कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन सांदीपनि विद्यालय, डुंडासिवनी में आयोजित विशेष भोज में शामिल हुईं। इस अवसर पर विधायक सिवनी दिनेश राय, नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, सीईओ जिला पंचायत नवजीवन विजय, सहायक कलेक्टर पंकज वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत, एसडीएम सुश्री मेघा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
विद्यालय पहुंचने पर स्कूली बच्चों एवं स्टाफ ने पुष्पवर्षा कर अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। बच्चों ने महाराष्ट्रीय फॉग डांस की आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों को आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया और बच्चों की गतिविधियों की जानकारी दी।
विशेष भोज में कलेक्टर एवं अन्य अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने भी देशभक्ति गीतों और प्रसन्न मुस्कान के साथ माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया। यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए विशेष दिन रहा, बल्कि उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए भी एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर ने फहराया झंडा
79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर संस्कृति जैन ने कलेक्टर कार्यालय एवं कैंप ऑफिस में ध्वजारोहरण किया। इस अवसर पर कलेक्टर द्वारा जयस्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया एवं उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान अपर कलेक्टर सी.एल चनाप, अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत, अनुविभागीय अधिकारी मेघा शर्मा, संयुक्त कलेक्टर प्रियंका वर्मा, सहायक कलेक्टर पंकज वर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / रवि सनोदिया
