फरीदाबाद, 11 अगस्त (Udaipur Kiran) । नगर निगम में सात वर्षों के बाद हो रहे सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को पूरा दिन गहमागहमी रही और लम्बी मीङ्क्षटंगों के बाद भी सहमति न बन पाने के कारण इस चुनाव को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को सुबह से ही इन चुनावों को लेकर मीटिंगों का दौर शुरु हुआ। निगम सभागार में आयोजित मीटिंग में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्यमंत्री राजेश नागर सहित अन्य विधायकों ने पार्षदों के साथ अपने-अपने समर्थकों की लामबंदी करनी शुरु कर दी और शाम होते होते कोई सहमति न बनने के कारण चुनाव स्थगित हो गया। दरअसल इन पदों पर अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए भाजपा में दो गुट आमने-सामने हैं। एक तरफ केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर हैं, तो दूसरी तरफ कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर। चुनाव की निगरानी के लिए भाजपा ने कृष्णलाल पंवार को आब्जर्वर नियुक्त किया गया। नगर निगम में इस बार भाजपा को एकतरफा बहुमत मिला है। कुल 46 सीटों में से 39 पार्षद भाजपा के हैं, जबकि छह निर्दलीय और एक कांग्रेस का पार्षद है। दो मार्च को हुए निगम चुनाव में पहली बार भाजपा को इतना बड़ा बहुमत मिला है। भाजपा में आंतरिक गुटबाजी के कारण डिप्टी मेयर पदों पर सहमति नहीं बन पा रही है। कृष्णपाल गुर्जर के साथ तीन विधायक-बल्लभगढ़ से मूलचंद शर्मा, एनआईटी से सतीश फागना और बडखल से धनेश अदलक्खा हैं। वहीं दूसरे गुट में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर एक साथ हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने दोहराया कि भाजपा के पास एक तरफा बहुमत है, इसलिए किसी प्रकार का कोई संशय नहीं है। भाजपा के एक गुट के पास 29 पार्षदों के समर्थन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भाजपा के पास 29 नहीं 39 पार्षद है और वे सभी पार्टी के साथ है। पार्टी के शीर्ष नेता, विधायक व मंत्री गण पार्षदों से राय शुमारी कर इस मामले में निसंदेह उचित निर्णय लेंगे। उल्लेखनीय है कि सात साल पहले हुए चुनाव में केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर अपने बेटे देवेन्द्र चौधरी को सीनियर डिप्टी मेयर बनाने मे कामयाब रहे थे। वही मनमोहन गर्ग को डिप्टी मेयर चुना गया था। माना जा रहा है कि इस बार 29 पार्षदों का समर्थन कृष्णपाल गुर्जर के साथ है। फिलहाल इस चुनाव को स्थगित कर दिया गया है, अब यह चुनाव कब होगा? इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर
