

रांची,11 अक्टूबर(Udaipur Kiran News) । रांची में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में स्वदेशी अभियान का लोकार्पण किया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अभियान के तहत स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और हर घर स्वदेशी का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
बाबूलाल मरांडी ने लोगों से आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, मोबाइल, खिलौना, टेक्सटाइल, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों पर जोर दिया और युवा पीढ़ी से स्वदेशी भाव अपनाकर देश को 2047 तक आत्मनिर्भर बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अभियान एक दूसरे के पूरक हैं। स्वदेशी अभियान को बढ़ावा देकर और स्वदेशी उत्पादों को अपने दैनिक जीवन में अपना कर भारत का प्रत्येक नागरिक भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर बनाने में बड़ा योगदान दे सकता है।
मरांडी ने कहा कि भारत का प्राचीन इतिहास गौरवशाली और वैभवशाली रहा है। 125 ईसा पूर्व मौर्यकाल में भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश था। विश्व के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी ) में भारत का योगदान 33 प्रतिशत था। 16वीं शताब्दी तक विश्व अर्थव्यवस्था में अपनी 24.4 प्रतिशत जीडीपी की भागीदारी के साथ भारत विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक क्षेत्र था। लेकिन गुलामी की लूट-खसोट ने 1947 तक विश्व अर्थव्यवस्था में भारत के जीडीपी की भागीदारी 4 प्रतिशत पर पहुंच गई। 1947 में विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला भारत सबसे गरीब देशों की श्रेणी में 136वें स्थान पर पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में महात्मा गांधी से लेकर बाल गंगाधर तिलक और सरदार पटेल जैसे नेताओं ने स्वदेशी अभियान को स्वतंत्रता की लड़ाई का हथियार बनाया। भारत की आजादी में स्वदेशी अभियान का बड़ा योगदान रहा, लेकिन 60 वर्षों के शासन में कांग्रेस पार्टी ने स्वदेशी आंदोलन को बल नहीं दिया। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया गया है, जिसे देश की 140 करोड़ जनता के सहयोग से साकार करना है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ब्रिटेन को पछाड़कर भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था वाला देश बना है, जिसे तीसरे स्थान पर पहुंचाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। आज भारत में मेक इन इंडिया के तहत 667 अरब डॉलर का निवेश आया है। भारत में बिकने वाले 99.2 प्रतिशत मोबाइल मेड इन इंडिया हैं। 2025 में भारत का मोबाइल निर्यात 1500 करोड़ से बढ़कर दो लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया। खिलौने का निर्यात 239 प्रतिशत बढ़ गया। आज भारत 153 देशों को खिलौना निर्यात कर रहा है। ट्रैक्टर निर्माण में भारत पहले स्थान पर,बस निर्माण में दूसरे और हैवी ट्रक निर्माण में तीसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल क्षेत्र में भारत विश्व का छठा बड़ा निर्यातक बन गया। रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ी है। आज भारत का रक्षा निर्यात 34 गुना बढ़ा है। भारत 200 देशों को दवाई निर्यात कर रहा। आज भारत में 98 करोड़ लोग इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं, जो 2014 में केवल 25 करोड़ था। देश में सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा की क्षमता लगातार बढ़ रही है। सौर ऊर्जा में भारत विश्व के तीसरे और पवन ऊर्जा के चौथे स्थान पर है। भारत 100 से अधिक देशों को ऑप्टिकल फाइबर निर्यात करता है। अंतरिक्ष अभियानों में भारत आत्मनिर्भर हो रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ये सारी उपलब्धियां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकासोन्मुख और भारत केंद्रित चिंतन का परिणाम है। अब हमें भारत को विकसित भारत बनाना है। आज युवा पीढ़ी में स्वदेशी भाव तेजी से जागृत हो रहा है। युवा पीढ़ी ही आत्मनिर्भर भारत की निर्माता बनेगी। उन्होंने आगामी दीपावली और छठ पूजा जैसे त्योहारों के साथ दैनिक घरेलू उपयोग की वस्तुओं को खरीदने में भारत निर्मित सामग्री को ही खरीदने की अपील की।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, अभियान के प्रदेश संयोजक और पार्टी महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने स्वदेशी अभियान का स्टीकर,पोस्टर, पम्पलेट, नोट पैड और संकल्प पत्र का लोकार्पण भी किया। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
—————
body{font-family:Arial,sans-serif;font-size:10pt;}.cf0{font-family:Nirmala UI,sans-serif;font-size:11pt;}
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
