Uttar Pradesh

सतीश महाना ने किया विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्षों के तैलचित्रों का लोकार्पण

तैत्र चित्रों का लोकार्पण करते सतीश महाना

लखनऊ, 26 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को विधान सभा भवन स्थित राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन हाल में विधान सभा के तीन पूर्व उपाध्यक्षों— जगन्नाथ प्रसाद, यादवेन्द्र सिंह उर्फ लल्लन तथा वकार अहमद शाह—के तैलचित्रों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर तीनों पूर्व उपाध्यक्षों के परिजन भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सतीश महाना ने कहा कि इन महान नेताओं ने लोकतांत्रिक परम्पराओं को सुदृढ़ करने में अमूल्य योगदान दिया है। उनके आदर्श और कार्य भावी पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। विधान सभा का गौरवपूर्ण इतिहास इनके योगदान के बिना अधूरा है।

जगन्नाथ प्रसाद धौरहरा (जिला खीरी) से 1952 से 1962 तक, 1967 से 1968 तक तथा 1977 में विधान सभा के सदस्य निर्वाचित हुए और 13 मई 1978 को विधान सभा के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

यादवेन्द्र सिंह (सिसवां, गोरखपुर) पहली बार 1962 में विधान सभा पहुँचे। इसके बाद 1967, 1969 (मध्यावधि चुनाव), 1974 तथा 1980 में लगातार विजय प्राप्त कर वे पाँच बार विधायक बने। 1980 में वे निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। वर्ष 1982 में इंग्लैंड, अमेरिका, बहामास और जापान की यात्रा कर उन्होंने राष्ट्रमंडल देशों के पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में उत्तर प्रदेश का नेतृत्व किया। जुलाई 1982 में विधान सभा अध्यक्ष श्रीपति मिश्र के मुख्यमंत्री बनने पर उन्होंने कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में सत्र का संचालन किया। 14 दिसम्बर 1982 को उनके निधन पर प्रदेश में राजकीय शोक घोषित किया गया।

वकार अहमद शाह 1993 से 1996, 1996 से 2002, 2002 से 2007, 2007 से 2012 तथा 2012 से 2017 तक लगातार पाँच बार विधान सभा के सदस्य रहे। नवम्बर 2003 से मई 2004 तक वे उपाध्यक्ष रहे तथा तत्पश्चात् मई 2004 से जुलाई 2004 तक कार्यकारी अध्यक्ष रहे। पुनः 2007 से 2012 तक उन्होंने उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाई।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री शिवेन्द्र सिंह, सांसद जयप्रकाश, पूर्व मंत्री सरजीत सिंह डंग, विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top