
मंडी, 12 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध करवाना ही नहीं है, बल्कि नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना भी है। इसी सोच को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। रसायन-मुक्त, पर्यावरण-अनुकूल और कम लागत वाली तकनीक के रूप में प्राकृतिक खेती आज किसानों की जिंदगी में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। इस बदलाव का प्रेरक उदाहरण हैं सुंदरनगर विकास खंड धनोटू के द्रमण गांव के किसान सरवन कुमार।
वर्षों पूर्व सरवन कुमार ने जब प्राकृतिक खेती की राह चुनी तो यह यात्रा आसान नहीं थी, क्योंकि शुरुआत में कई कठिनाइयां सामने आईं। लेकिन, उन्होंने हार नहीं मानी। आत्मा परियोजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त कर उन्होंने रासायनिक खाद और कीटनाशकों का उपयोग बंद कर दिया और केवल देसी गाय के गोबर व गौमूत्र से तैयार खाद एवं जैविक घोल का प्रयोग शुरू किया।
सरवन कुमार की मेहनत को गति मिली जब वे राज्य परियोजना कार्यान्वयन इकाई प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना कृषि विभाग के सुंदरनगर नैचुरल्स किसान उत्पादक कंपनी से जुड़े। आज वे न केवल धनोटू स्थित प्राकृतिक खेती उत्पाद बिक्री केंद्र के निदेशक हैं, बल्कि प्रबंधक की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। यही नहीं, वे आत्मा परियोजना में मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य कर रहे हैं और अन्य किसानों को आत्मनिर्भरता की राह दिखा रहे हैं। सरवन कुमार ने खेती तक सीमित न रहते हुए नवाचार और उद्यमशीलता को भी अपनाया। वे स्थानीय उत्पादों से मूल्य संवर्द्धित वस्तुएँ तैयार करते हैं। उन्होंने धुआं रहित कोयला भी विकसित किया है, जो पर्यावरण-अनुकूल और सस्ता ईंधन विकल्प है।
इन उत्पादों को वे घर पर बनाकर बिक्री केंद्र तक पहुंचाते हैं। धनोटू स्थित बिक्री केंद्र से आज लगभग 150 किसान जुड़े हैं। इनमें से 40 से अधिक किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है। इस केंद्र के माध्यम से हर माह लगभग 60 से 70 हजार रुपए की आय हो रही है। इस बिक्री केंद्र में प्राकृतिक खेती विधि से उत्पादित हल्दी, अचार, मोटा अनाज, मोटे अनाज का आटा, विभिन्न किस्म के गेहूं का आटा, शरबत, आंवला कैंडी, प्राकृतिक घटक, एप्पल चिप्स, एप्पल साइडर विनेगर, सिरा, बड़ियां जैसे अनेकों उत्पाद उपलब्ध हैं।
ग्राम पंचायत बृखमणी के बीआरसी प्रकाश चंद बताते हैं कि धनोटू में बिक्री केंद्र खुलने से किसानों को घर बैठे रोजगार मिल रहा है और उनके उत्पाद बाजार तक आसानी से पहुंच रहे हैं। वे भी अपनी पंचायत में प्राकृतिक विधि से खाद बनाने और खेती करने के तरीके सिखा रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
