नयी दिल्ली, 11 जुलाई (Udaipur Kiran) । केन्द्र सरकार में रेल, सूचना प्रसारण, इलैक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव के निधन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सह सरकार्यवाह अरुण कुमार, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर तथा भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, केन्द्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों आदि ने आज भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की ।
राजधानी के लोधी रोड स्थित चिन्मय मिशन में आज पूर्वाह्न आयोजित प्रार्थना सभा में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सह सरकार्यवाह अरुण कुमार, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर ने स्वर्गीय दाऊलाल वैष्णव की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की सद्गति और परिवार जनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। श्रद्धांजलि देने वालों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा की उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, भाजपा के महासचिव अरुण सिंह एवं तरुण चुघ, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पीयूष गोयल, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री प्रवेश वर्मा, नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले आदि शामिल थे। दाऊलाल वैष्णव का निधन आठ जुलाई को जोधपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में हो गया था। वह 81 वर्ष के थे। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके ज्येष्ठ पुत्र अश्विनी वैष्णव ने आठ जुलाई को जोधपुर में उनका अंतिम संस्कार किया था।
—————
(Udaipur Kiran) / सचिन बुधौलिया
