
भोपाल, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । राजधानी भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात स्कूटी सवार अज्ञात बदमाशाें ने पैदल जा रहे बी.टेक छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।। शुक्रवार की सुबह घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस काे आशंका है कि लूट के इरादे से हमला किया गया। बिलखिरिया पुलिस ने हत्या कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार दाेपहर काे पाेस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार नीतेश चंद्रवंशी (22) मूलरूप से ग्राम मूसा देही छिंदवाड़ा का रहने वाला था। वह बीते तीन सालों से भोपाल के कोकता नंबर एक में किराए के मकान में प्रशांत नाम के दोस्त के साथ रहता था। मृतक नीतेश रायसेन रोड के प्राइवेट कॉलेज से बी.टेक थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के साथ वह योजाकी नाम की वायर कंपनी में जॉब भी करता था। गुरुवार की देर रात 11:30 बजे रोज की तरह कंपनी की बस ने उसे घर से करीब चार सौ मीटर दूर मुख्य मार्ग पर उतारा। यहां से पैदल घर आ रहा था। इस दाैरान पीछे से किसी अज्ञात व्यक्ति ने चाकू मार दिया। नीतेश ने चाकू लगने के बाद लहूलुहान हालत में दोस्त प्रशांत को कॉल किया और तत्काल मदद के लिए बुलाया। उसने प्रशांत को बताया कि अज्ञात एक्टिवा सवार दो युवकों ने उसे पीछे से चाकू मारा और फरार हो गए। उनसे उसका कोई विवाद नहीं था। अन्य किसी से भी किसी प्रकार की कोई रंजिश नहीं थी। प्रशांत का अनुमान है कि लूटपाट की नीयत से हमला किया गया होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि नीतेश के पास मोबाइल सहित अन्य सामान गायब नहीं हुआ है। मृतक के बयानों को दर्ज नहीं किया जा सका था। टीआई उमेश चौहान ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रहे हैं। हत्या के कारण का खुलासा नहीं हुआ है। मृतक की पीठ और कमर पर चाकू के दो गहरे वार हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
