Uttrakhand

ऊखीमठ और जखोली में ब्लॉक प्रमुख पद पर जीत कांग्रेस के लिए संजीवनी

रुद्रप्रयाग, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा से बेहतर रहा। पार्टी से ऊखीमठ और जखोली ब्लॉक में प्रमुख पद पर जीत दर्ज की। साथ ही जिला पंचायत में भी चार सदस्य सदन में पहुंचे हैं।

कांग्रेस ने जिला पंचायत में कंडारा, परकंडी, बजीरा और खलियाण वार्ड पर जीत दर्ज की। पार्टी के लिए यह जीत कई मायनों में खास थी। पार्टी ने निवर्तमान जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह के गृह क्षेत्र बजीरा और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष महावीर पंवार के गृह क्षेत्र खलियाण में एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं, कंडारा वार्ड पर भी कांग्रेस ने भाजपा अधिकृत प्रत्याशी को एकतरफा पराजित किया। अगस्त्यमुनि ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख का पद एससी महिला के लिये आरक्षित था, जिस कारण यहां पार्टी के लिये समीकरण नहीं बन पाये। लेकिन केदारनाथ विस की विधायक आशा नौटियाल के घर ऊखीमठ में कांग्रेस ने ब्लॉक प्रमुख के पद पर जीत दर्ज की है, जो पार्टी के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।

यहां भाजपा के तमाम दावों के बाद भी कांग्रेस सीट अपने कब्जे में ले आई। वहीं, जखोली में भी कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप थपलियाल और संगठन की मेहनत से लगातार दूसरी बार प्रमुख पद काबिज हुई है।

पार्टी के जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण, पूर्व विधायक मनोज रावत और निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल का कहना है कि यह जीत सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है। इस जीत का आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी लाभ मिलेगा।

(Udaipur Kiran) / दीप्ति

Most Popular

To Top