RAJASTHAN

नगर निगम में सफाई कर्मचारियों को मिला कांग्रेस का समर्थन

jodhpur

जोधपुर, 28 नवम्बर (Udaipur Kiran) । नगर निगम में विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे सफाई कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन को कांग्रेस नेताओं ने समर्थन दिया और आज धरने पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

दो हजार सफाई कर्मचारियों की वार्ड बदली रोकने और गैर वाल्मीकि समाज के 700 कर्मचारियों को मूल पद पर लगाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह विद्रोही आज भी अनशन पर बैठे। वहीं निगम मुख्यालय के बाहर वाल्मीकि समाज के लोगों का धरना जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन ने पहले हुए लिखित समझौते के बावजूद वार्ड बदली कर दी और कुछ लोगों को लाभ पहुंचाया।

कर्मचारियों का कहना था कि वे तीन प्रमुख मांगें बार-बार रख रहे हैं लेकिन निगम प्रशासन कोई सकारात्मक पहल नहीं कर रहा। आज धरना स्थल पर पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व विधायक मनीषा पंवार, कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व उत्तर जिलाध्यक्ष सलीम खान सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

गौरतलब है कि हाल ही में दो हजार कर्मचारियों के वार्ड बदले गए थे जिसका कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों ने निगम प्रशासन पर हठधर्मिता का आरोप भी लगाया। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जो वार्ड बदले गए हैं वो न्याय संगत नहीं है। कई महिलाओं का स्थानान्तरण उनके घर से 10-15 किलोमीटर दूर कर दिया गया जो विधवा, दिव्यांग एवं वृद्ध है। इसके बाद 175 कर्मचारियों का लिस्ट निकाली जिसमें वास्तविक स्थानान्तरण के हकदार थे उनका स्थानान्तरण नहीं किया गया।

(Udaipur Kiran) / सतीश