

– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर जताया दुखसागर, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार को बेकाबू डंपर की टक्कर से संघ के विभाग कार्यवाह और उनकी पत्नी की मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर ग्राम सुरखी के पास आज एक तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सागर के विभाग कार्यवाह और उनकी पत्नी की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी की महिला के पैर और सिर धड़ से अलग हो गए। शरीर के बाकी हिस्से पर डंपर चढ़ गया। दोनों के शवाें की हालत यह थी कि उनको पोटली में भरकर ले जाया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सागर के विभाग कार्यवाह और शासकीय शिक्षक अशोक दुबे (45) शनिवार को अपनी पत्नी राधा दुबे के साथ बाइक से अपने पैतृक गांव नाहरमऊ जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर सुरखी के पास बन रहे ओवरब्रिज के नीचे सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से पति-पत्नी उछलकर सड़क पर जा गिरे और डंपर उनके ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद उनकी बाइक डंपर के नीचे फंस गई। दुर्घटना में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर सुरखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े शवों का पंचनामा बनाकर पोटली में बांधकर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंबर को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि अशोक दुबे के बच्चे सागर में रहकर पढ़ाई करते हैं। वे एक दिन पहले ही सागर आए थे। शुक्रवार को पत्नी के साथ उन्होंने करवा चौथ की पूजा की, जिसके बाद शनिवार सुबह वे पत्नी राधा के साथ गांव जा रहा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स के माध्य से हादसे पर दुख व्यक्त हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सागर के विभाग कार्यवाह अशोक दुबे एवं उनकी धर्मपत्नी का सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहने की शक्ति दें, यही प्रार्थना है।_________________
(Udaipur Kiran) तोमर
