Uttar Pradesh

समाजवादी पार्टी का जनाधार धीरे-धीरे सिमट रहा – अरुण कुमार सिंह

मंच से बोलते राज्यसभा सांसद अरुण कुमार सिंह

फिरोजाबाद, 17 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद अरुण कुमार सिंह ने बुधवार को केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का जनाधार धीरे-धीरे सिमट रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद अरुण कुमार सिंह ने बुधवार काे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टूंडला में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन सेवा कार्य के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं की रक्तदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की सराहना की। राज्यसभा सांसद ने कहा कि भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह सबसे तेज गति से बढ़ रही है। उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज और गरीबों को निःशुल्क राशन वितरण जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की देशवासियों को स्वस्थ और निरोगी रखने की मंशा पर जोर दिया।

राज्यसभा सांसद ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘भाजपा गुटबाजी करने वाली पार्टी है’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का जनाधार धीरे-धीरे सिमट रहा है।

उन्होंने दावा किया कि देश के 22 राज्यों में एनडीए की सरकार है। केंद्र में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है। अरुण कुमार सिंह ने गुजरात, उत्तराखंड और हरियाणा जैसे राज्यों में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की एकतरफा जीत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के गरीब, महिलाएं और आम लोग प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा करते हैं। जो बिना छुट्टी लिए देश की खुशहाली के लिए लगातार काम करते हैं।

इस दौरान टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला प्रवक्ता डॉ. अमित गुप्ता, वृंदावन लाल गुप्ता, दिनेश गुप्ता, अरविंद पाराशर आदि भाजपाई मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़

Most Popular

To Top