
मुरादाबाद, 18 जून (Udaipur Kiran) । वंदे भारत (संस्कार संस्कृति संवाहक) के तत्वावधान में निरंतर चल रहा वृक्षारोपण श्रृंखला के तहत बुधवार को गोवा क्रांति दिवस के उपलक्ष्य में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सुप्रसिद्ध ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग महरोत्रा के द्वारा आवास विकास सिविल लाइन्स के राम वाटिका में ‘रुद्राक्ष’ के पौधों का रोपण किया गया।
डा. अनुराग महरोत्रा ने कहा जितना हम प्रकृति को सुरक्षित एवं संरक्षित करेंगे उतना ही हमारा जीवन सरल, स्वस्थ्य तथा विशिष्टताओं से भरा होगा। वातावरण जिसके तापमान में निरंतर बढ़ाेत्तरी हो रही है, पौधों व वृक्षों के रोपण से वह भी कम होगी। उन्होंने कहा कि जिस रुचि और दायित्व के साथ धवल दीक्षित इस कार्य को निरंतर कर रहे हैं, वह अनुकरणीय है। हमारे यहां तो उनको पर्यावरण पुरुष की उपाधि से पुकारा जाता है। आज प्रकृति और मानव के सम्बन्धों में पुनः प्रगाढ़ता की आवश्यकता है।
धवल दीक्षित ने कहा आज के दिन 18 जून को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक केएस सुदर्शन की जयंती एवं पुर्तगालियों से मुक्ति के लिए आज ही के दिन से संगठित क्रांतिकारी आन्दोलन गोवा में प्रारंभ हुआ था। रुद्राक्ष के यह पौधे गोवा क्रांति दिवस पर, उन अनेकों स्वतंत्रता के बलिदानियों एवं आन्दोलनकारियों को नमन करने के लिए स्मृति स्वरूप में लगाये गये हैं। यह वृक्ष हमारे प्राणवायु जनक हैं।
पौधारोपण में विशेष रूप से गोपाल हरि, राजेश गुप्ता, रुप नारायण शर्मा, हरिहर नाथ कपूर, सुनीता गुप्ता, डीके जौहरी, नीरज मित्तल, तुलसी राम, धर्मेन्द्र मलिक, सर्वेश वर्मा, शिव गोपाल महरोत्रा, लोकनाथ अरोरा, प्रनव शर्मा, विशाल कपूर, मनोज सिंह आदि रहे।
————-
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
