Jharkhand

आरएसएस ने रांची के वीर सावरकर नगर में किया पथ संचलन और शस्त्र पूजन

कार्यक्रम की तस्वीर

-समाज से नारी शक्ति के सम्मान के लिए आगे आने का आह्वान

रांची, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से रांची के वीर सावरकर नगर की कुटे बस्ती में मंगलवार को संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर शस्त्र पूजन और पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर महानगर कार्यवाह ने लोगों से नारी शक्ति की सम्मान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शामिल महानगर कार्यवाह दीपक ने कहा कि भाषा, भजन, भ्रमण, भोजन शुद्ध और स्वदेशी होना चाहिए। कोई भी भाषा समाज को जोड़ने के लिए है, तोड़ने के लिए नहीं। सभी भाषाओं का संवर्धन करते हुए अपनी मातृभाषा, अपने गांव की भाषा का संवर्धन तथा जिस क्षेत्र में रहते हैं, वहां की भाषा का सम्मान, वहां की भाषा का संवर्धन करके ही राष्ट्र को एक किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय परिधान अर्थात भारतीय वेशभूषा। भजन में भी भारतीयता का भाव सदैव बना रहे। भारतीय भोजन अर्थात भारतीय व्यंजन, जो कि स्वास्थ्य की लिए भी अच्छा है, उनका ही उपयोग करना चाहिए। भ्रमण के लिए भी अपने स्थानीय और अपने राष्ट्र के क्षेत्र में ही जाना चाहिए।

कार्यवाह ने कहा कि विजयादशमी शक्ति और संगठन की साधना तथा मातृशक्ति के सम्मान के संकल्प का अवसर है। हिंदू समाज की दुर्दशा का कारण स्वयं हिंदू समाज की विसंगतियों में निहित हैं। हमने अपने स्व को विस्मृत किया, जिसकी वजह से हमें सैकड़ो वर्षों की राजनीतिक परतंत्रता झेलनी पड़ी। आज भी हिंदू समाज के चरित्र में विरोधाभास दिखाई देता है। नवरात्रि के अवसर पर छोटी बालिकाओं की मां दुर्गा के रूप में पूजा करने वाले समाज का एक वर्ग आज भी लिंग परीक्षण कर कन्या भ्रूण हत्या करता है।

उन्होंने कहा कि हम अपने राष्ट्रनायकों का सम्मान तो करते हैं, लेकिन उनके बताए मार्ग का अनुसरण नहीं करते। भारत माता को परम वैभव के आसन तक ले जाने के लिए हमें अपनी विसंगतियों को दूर करना होगा।

कार्यवाह ने कहा कि शक्तिहीन होना संसार का सबसे बड़ा पाप है। भारतवर्ष की कर्म प्रधान संस्कृति है। यहां प्रत्येक व्यक्ति को साधना और तपस्या का फल प्राप्त होता है, इसलिए रावण और महिषासुर जैसे दुराचारी को भी उनकी साधना के कारण वरदान प्राप्त हुए। शक्ति की साधना सबके लिए अनिवार्य है। रावण पर विजय प्राप्त करने के लिए ईश्वर के अवतार भगवान राम को भी शक्ति की उपासना करनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि कलयुग में संगठन में ही शक्ति है। हिंदू समाज के संगठन के माध्यम से ही पूरे विश्व में शांति आ सकती है। क्योंकि सर्वे भवंतु सुखिनः के ध्येय मंत्र का उद्घोष हिंदू समाज ही करता है। सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी का भाव और नागरिक कर्तव्य, इन पांच प्रणों की पालकी में बैठकर ही भारत माता परम वैभव के आसन तक जाने वाली है। कोई भी भौतिक अथवा पारलौकिक समृद्धि इन पांच परिवर्तनों की परिधि के बाहर नहीं है। पंच प्रण के विषयों को स्वयं से प्रारंभ कर इन्हें समस्त समाज का आंदोलन बनाना पड़ेगा। तभी भारतवर्ष की विजयशालिनी शक्ति जाग्रत होगी।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top