
प्रयागराज, 9 जुलाई (Udaipur Kiran) । केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि हमारे देश में अनेक जाति, पंथ एवं भाषा वाले लोग एक साथ रहते हैं। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने ऐसा संविधान बनाया है, जिसमें सभी समान हैं, लेकिन भाषा के नाम पर थप्पड़ मारना ठीक नहीं है। भाषा के नाम पर किसी गरीब का उत्पीड़न करने का अधिकार संविधान नहीं देता है। महाराष्ट्र व बिहार में थप्पड़ मारने की घटनाएं नहीं होनी चाहिए।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले बुधवार को यहां संविधान सम्मान समारोह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रयागराज पहुंचे। यहां सर्किट हाऊस में पत्रकाराें से वार्ता करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री अठावले ने कहा कि हम महाराष्ट्र में राज ठाकरे की मराठी भाषा वाली राजनीति की घोर निंदा करते है। वहां के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से यह अपील है कि भाषा के नाम पर थप्पड़ मारने की घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए। हमारी पार्टी उत्तर भारतीयों के साथ हमेशा ढाल की तरह खड़ी है। जब—जब उत्तर भारतीयों के साथ हिंसा, मारपीट या उनके हक पर हमला हुआ,आरपीआई ने हमेशा पुरजोर तरीके से इसका विरोध किया है। उन्हाेंने कहा कि देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई विविधता और एकता का शहर है। हमें मराठी भाषा पर गर्व है और होना भी चाहिए, लेकिन किसी भी भाषा या प्रांत के नाम पर थप्पड़ मारने का अधिकार नहीं है। यह न केवल भारतीय संविधान का अपमान है, बल्कि हमारी सामाजिक संस्कृति का भी अपमान है। जाति या प्रांत के नाम पर दादागिरी नहीं समता, शिक्षा और भाईचारे के रास्ते पर चलना ही बाबा साहेब का सच्चा अनुसरण है।
बहन के बाद भाई काे दें अवसर
उन्हाेंने कहा कि बाबा साहेब की पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का चुनाव चिन्ह पहले हाथी था, जाे बाद में उत्तर प्रदेश की बहन मायावती के पास चला गया। ऐसे में उत्तर प्रदेश व बाबा साहेब के मानने वाले लोगों से अपील है कि बहन के बाद अब अपने अठावले भाई को अवसर दें।
पंचायत चुनाव लड़ेगी आरपीआई
मंत्री अठावले ने कहा कि आरपीआई पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता और पार्टी से जुड़े केन्द्रीय सदस्य प्रयागराज के निवासी अजय अग्रवाल की ओर से आयोजित संविधान सम्मान समारोह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां आया हूं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बहुत ही अच्छी तरह से संभाला है। आगामी उत्तर प्रदेश जिला पंचायत चुनाव में पार्टी को विस्तार देते हुए बड़ी संख्या में प्रत्याशी उतारकर जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पचास से अधिक लोगों ने ली पार्टी की सदस्यता
संविधान सम्मान समारोह कार्यक्रम से पूर्व विभिन्न पार्टियों व सामाजिक संगठनों के 50 से अधिक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली है। प्रमुख रूप से प्रयागराज के हसीन फारूकी, डॉ.विजय कनौजिया, अर्जुन कनौजिया, समाजवादी पार्टी के डीएन यादव, हरि प्रसाद एडवोकेट, उमेश कनौजिया, बसपा से जुड़े रहे के.एन.वर्मा, मोहम्मद अली, राजेश सिंह एडवोकेट, अम्बेडकर वाहिनी के प्रदेश सचिव राकेश प्रधान, सुमित कुमार अग्रवाल, लाल बहादुर यादव, शत्रुन्घ कुमार मौर्य, समेत कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया।
—————
(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल
