
कोलकाता, 02 अगस्त (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बेहाला इलाके में रोहिंग्या घुसपैठियों की ओर से भाजपा कार्यकर्ता पर जानलेवा हमले का संगीन मामला सामने आया है। भाजपा विधायक और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ता पर हुए हमले का वीडियो शनिवार को साेशल मीडिशा एक्स पर साझा करते हुए ममता बनर्जी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार इन अवैध घुसपैठियों को राजनीतिक लाभ के लिए संरक्षण दे रही है।
भाजपा विधायक ने शनिवार को साेशल मीडिशा एक्स पर एक वीडियो साझा किया। इसमें घायल भाजपा कार्यकर्ता की हालत गंभीर दिख रही है। उसके चेहरे और शरीर पर गहरे जख्म नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह हमला बेहाला (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र निवासी देबाशीष विश्वास पर शुक्रवार को उस वक्त हुआ जब उन्होंने अपने घर के सामने कुछ रोहिंग्या मुसलमानों को खुलेआम गांजा पीने पर विरोध कर रहा था। विरोध के तुरंत बाद एक व्यक्ति ने देबाशीष पर चाकू और कैंची से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये अवैध घुसपैठिए अब सार्वजनिक स्थलों पर कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं और विरोध करने पर हमले कर रहे हैं।
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि प्रदेश की राजधानी कोलकाता में ही इस तरह की आपराधिक गतिविधियां आम हो गई हैं क्योंकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की सेवा में लगे रहने का आरोप लगाया और कहा कि एक खास समुदाय के लोगों पर कानून लागू नहीं किया जाता क्योंकि वे ममता बनर्जी का वोट बैंक हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने सुरक्षा कारणों से मुख्य आरोपित को मौके से हटा दिया। उनका कहना था, राज्य में ऐसे तत्वों को खुद ममता बनर्जी राजनीतिक फायदे के लिए पाल-पोस रही हैं और यही वजह है कि वे कानून का भय छोड़ खुलेआम हिंसा कर रहे हैं।
घटना को लेकर राज्य सरकार या पुलिस प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।————————–
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
