CRIME

पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया लूट का आरोपित

प्रतीकात्मक फोटो

उन्नाव, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गत दिवस महिला से चेन लूट लेने की घटना में शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। मुठभेड़ में लुटेरे के पैर में गोली लगी। घायल को उपचार हेतु भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर को शहर में रेलवे क्रॉसिग के पास एक महिला से बाइक सवार युवक चेन लूट कर भाग निकला था। महिला ने अज्ञात के विरुद्ध शिकायत की थी। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश के निर्देश पर सदर पुलिस के साथ एसओजी व सर्विलांस टीम ने खोजबीन शुरू की। घटना के 24 घंटे के अंदर मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। करोवन की ओर से आ रही एक अपाचे बाईक सवार को पुलिस ने रुकने को कहा लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मसुरक्षा में फायरिंग की। फायरिंग में गोली युवक के बाएं पैर में लगी। युवक घायल हो कर गिर गया। पुलिस ने आरोपित युवक के पास से एक मोटर साइकिल, लूटी हुई चेन, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस बरामद किया। आरोपित ने अपना नाम संतोष लोध पुत्र सर्वेश निवासी ग्राम बसनोहा पुरवा बताया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया है।

—————

(Udaipur Kiran) / अरुण कुमार दीक्षित