

आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कर्मचारियों ने उठाया ये कदम
हिसार, 19 जून (Udaipur Kiran) । राज्य परिवहन के फतेहाबाद डिपो के परिचालक कृष्ण पर
जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोधस्वरूप रोडवेज कर्मचारियों
ने यहां चक्का जाम कर दिया। इसके साथ ही कर्मचारी धरने पर बैठ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी
की मांग पर जोरदार नारेबाजी की।
रोडवेज परिचालक कृष्ण कुंडू पर अग्रोहा के पास कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया था। इसके बाद फतेहाबाद व हिसार डिपो की यूनियनेंं लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
पर प्रदर्शन कर रही थी। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर रोडवेज कर्मचारियों ने गुरुवार
सुबह चक्का जाम कर दिया और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। रोडवेज कर्मचारियों की
अचानक हड़ताल से यात्रियों को परेशान झेलनी पड़ रही है। हालांकि प्राइवेट और किलोमीटर
स्कीम की कुछ बसें चलने से यात्रियों को कुछ राहत भी है। रोडवेज बसों के चक्का जाम से ग्रामीण रूट सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं।
ग्रामीण रूटों से हजारों लोग सफर करते हैं। छात्र बसों से ही पढ़ने आते-जाते हैं।
रोडवेज
कर्मचारियों ने हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। रोष प्रदर्शन की अध्यक्षता
डिपो प्रधान राजबीर दूहन व अजय दूहन ने की जबकि धरने का संचालन डिपो प्रधान नरेंद्र
सोनी ने किया। डिपो प्रधान राजबीर दुहन व अजय दूहन ने बताया कि बुधवार सुबह दो घंटे प्रदर्शन
के बाद हमने अल्टीमेटम दिया था कि बुधवार शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई
तो गुरुवार अलसुबह चलने वाली पहली बस से ही हड़ताल कर दी जाएगी। पूरा दिन बसों का संचालन
नहीं होगा।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सांझा मोर्चा के नेताओं ने
कहा कि परिचालक कृष्ण कुंडू पर जानलेवा हमला करने वालों हमलावरों की अभी तक गिरफ्तारी
नहीं हुई। इसको लेकर रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि सांझा मोर्चा
पुलिस प्रशासन से अपील करता है कि इस मामले में हमलावरों को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार
किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि हमलावर गिरफ्तार नहीं किए गए तो पूरे प्रदेश में रोडवेज
का चक्का जाम कर दिया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
