
औरैया, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को औरैया जिले के रुरुगंज क्षेत्र के कुदरकोट के होरी मोहल्ला, मठिन मार्ग और एरवाकटरा मार्ग पर भव्य पथ संचलन का आयोजन किया। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और समरसता का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए समाज को सांस्कृतिक एकता के सूत्र में बांधने का संदेश दिया।
पथ संचलन के दौरान सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में कदमताल करते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह ग्रामवासियों ने ढोल-नगाड़ों, जयघोषों और पुष्पवर्षा से स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत किया। पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जिला प्रचारक अनूप एवं खंड संपर्क प्रमुख अभिषेक तिवारी ने कहा कि समाज को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक जागरूकता के माध्यम से सशक्त बनाना ही संघ का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि अनेक चुनौतियों के बावजूद संघ आज पहले से अधिक मजबूत होकर समाज को एकता के सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहा है।
अलोपा देवी मंदिर तक के मार्ग पर महिलाओं द्वारा स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा की गई। पथ संचलन के उपरांत अलोपा देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित सभा में खंड संपर्क प्रमुख अभिषेक तिवारी एवं खंड समरसता प्रमुख दुष्यंत गुप्ता ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए एकजुटता और संगठन की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर खंड शारीरिक प्रमुख उपदेश तिवारी, सह संचालक राजेश तिवारी, गौरव तिवारी, अभय सेंगर, वैभव कौशल, केशव कौशल, रणवीर सिंह (जिला संघ चालक) सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) कुमार
