
रीवा, 07 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के रीवा जिले में गढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बदमाश ने नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म किया। पीड़ित छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठे मोहम्मद इरफान नाम के बदमाश ने उसे रोका। मुंह दबाकर झाड़ियों में ले गया। लड़की के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
नाबालिग ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। बच्ची की चीख सुनकर लोग वहां पहुंचे। पीड़िता ने उनसे मदद मांगी। ये देखकर बदमाश इरफान भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी कई दिनों से उसके साथ छेड़खानी कर रहा था। जब भी वो स्कूल के लिए आती-जाती थी, उसे घूरकर देखता था। उसका काफी दूर तक पीछा भी करता था। इससे वह काफी डरी-डरी रहती थी। पीड़ित छात्रा ने घर वालों को छेड़खानी की जानकारी नहीं दी ताकि वो परेशान और चिंतित न हों। बदमाश की हरकतों को वह इग्नोर करती रही। इरफान ने इसी बात का फायदा उठाया। मंगलवार सुबह 10 बजे वह स्कूल जा रही थी। सुनसान रास्ते पर साइकिल सहित धक्का मारकर उसे घास में गिरा दिया। इसके बाद पकड़कर उसका मुंह दबाया। उसके साथ मारपीट की। जबरन झाड़ियों में ले जाकर पटक दिया और दुष्कर्म किया।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इरफान पुलिस को चकमा दे रहा था। वह उत्तर प्रदेश जाने की फिराक में था। गढ़ थाना पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मनगवां एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गढ़ थाना पुलिस ने पीड़ित छात्रा के बयान पंजीबद्ध किए और उसके बाद आरोपी मोहम्मद इरफान की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
(Udaipur Kiran) तोमर
