Uttar Pradesh

जयंती पर याद किए गए क्रांतिकारी आदिवासी गौरव बिरसा मुंडा, बच्चे हुए पुरस्कृत

जयंती पर याद किए क्रांतिकारी बिरसा मुंडा

हाथरस, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । आदिवासी गौरव बिरसा मुंडा जी की जयंती आज सादाबाद इंटर कॉलेज में उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने क्रांतिकारी बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कविता, भाषण, पोस्टर प्रस्तुति से बिरसा मुंडा जी के पराक्रम, त्याग एवं जन-सेवा की भावना को अभिव्यक्त किया।

विद्यालय के शिक्षक संजय पाल ने आदिवासी देव बिरसा मुंडा के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान तथा जनजातीय समाज के उत्थान हेतु किए गए प्रयासों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा जी के जीवन से प्रेरणा लेने तथा प्रतिकूल परिस्थितियों में भी निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता मेवाराम ने किया। 1 से 15 नवम्बर 2025 तक आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़ा के अंतर्गत विद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर मु. इमरान, धर्मवीर सिंह, कपिल गुप्ता, निकेश तिवारी, शिखा शर्मा, नाजिया हिना, मु. अख़लाक, प्रशांत कुमार एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / मदन मोहन राना