
बरेली, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल की टीम ने शुक्रवार को राजस्व निरीक्षक अरविन्द शर्मा को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ग्राम नहरोसा थाना मदनापुर निवासी इन्द्रजीत ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली में शिकायत की थी कि उसकी ताई फुल्ला देवी के नाम दर्ज पट्टे की जमीन को असंक्रमणीय से संक्रमणीय कराने के लिए राजस्व निरीक्षक अरविन्द शर्मा पांच हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार दोपहर आरोपित को तिलहर तहसील परिसर स्थित रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई। आरोपी के खिलाफ थाना रामचंद्र मिशन, शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार का शिकार हो, तो वह पुलिस उपाधीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठनबरेली (मो. 9454405475) या प्रभारी निरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली (मो. 9454401653) पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, प्रभारी ट्रैप टीम, भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी कार्रवाई लगातार जारी है। शिकायत मिलते ही टीम ने त्वरित रूप से जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। शासन के निर्देशानुसार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
(Udaipur Kiran) / देश दीपक गंगवार
