
फरीदाबाद, 2 सितंबर (Udaipur Kiran) । यमुना नदी का लगातार बढ़ रहे जल स्तर से रेनीवेल को खतरा पैदा हो गया है। अभी भी नदी का पानी कई रेनीवेल की चारदीवारी तक पहुंच गया है। कई रेनीवेल के रास्ते में नदी का पानी भरा हुआ है। बुधवार सुबह यमुना नदी का जल स्तर खतरे के निशान को पार करने की आशंका है। ऐसी स्थिति में रेनीवेल के अंदर पानी घुसने की आशंका बनी हुई है। यदि ऐसा हुआ तो पेयजल सप्लाई प्रभावित हो सकती है। हालांकि फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के अधिकारी दावा कर रहे हैं कि पेयजल सप्लाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी, लेकिन बुधवार को यमुना का जल स्तर बताएगा कि क्या होगा। गौरतलब है कि 2023 में बाढ़ की वजह से सभी रेनीवेल पानी में डूब गए थे। कई दिन बाद इन्हें चालू किया जा सका था। कई रेनीवेल की मशीनरी खराब हो गई थी। यमुना नदी किनारे लगे हुए 22 रेनीवेल से करीब 200 एमएलडी पानी शहर में सप्लाई होता है। मोठूका, घरोड़ा, मंझावली, कांवरा,भूपानी, ददसिया, कबूलपुर में रेनीवेल हैं। 150 से अधिक ट्यूबवेल से पानी आता है। प्राधिकरण के एसडीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल खतरा नहीं है। बुधवार और गुरुवार को तय होगा कि रेनीवेल को नुकसान होता है या नहीं। अभी रेनीवेल तक पानी पहुंच गया है लेकिन पेयजल सप्लाई बंद नहीं हुई है। सभी रेनीवेल पर जनरेटर रखवा दिए गए हैं। पांच से सात दिन के लिए पर्याप्त डीजल भी मौके पर मौजूद है।
(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर
