Uttar Pradesh

वाराणसी में पं. दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती मनी,संगोष्ठी के जरिए याद किया

मुगलसराय में उस स्थल पर श्रद्धांजलि देते लोग, जहां मिला था पडित जी का शव

मुगलसराय में उस स्थल पर दी गई श्रद्धांजलि, जहां मिला था उनका शव

वाराणसी, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गुरूवार को एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती मनाई गई। गोष्ठी के जरिए उन्हें पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित विभिन्न संगठनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

चंदौली जिले के पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर (पूर्व में मुगलसराय) में भी उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता उस ऐतिहासिक स्थल पर पहुंचे, जहां 11 फरवरी 1968 को पं. उपाध्याय का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। प्लेटफार्म संख्या एक के पश्चिमी छोर पर स्थित खंभे के पास उनके शव के साथ एक झोला भी मिला था, जिसमें उनके निजी वस्त्र और सामान मौजूद थे। उस समय संघ के नगर संघचालक गुरुबख्श कपाही ने उनके शव की पहचान की थी। इस मौके पर संतोष उपाध्याय, सुरेश कपाही, निखिल कपाही, ऋषि, शशि, आशुतोष आदि ने श्रद्धासुमन अर्पित कर पंडित जी को याद किया।

उधर, सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर भी लोग पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। जिले के फूलपुर क्षेत्र में क्षेत्रीय व्यापार मंडल की ओर से चौरा माता मंदिर परिसर में जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जहां भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह ने पंडित जी के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं, रोहनिया विधानसभा के अंतर्गत भाजपा के रामेश्वर मंडल के कार्यकर्ताओं ने भी जयंती मनाकर पंडित जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top