Maharashtra

अस्पताल से संपादकीय लिख रहे राऊत

मुंबई, 6 नवंबर (Udaipur Kiran) । शिवसेना (यूबीटी) सांसद और पार्टी प्रवक्ता संजय राऊत अस्पताल में भर्ती हैं। लेकिन सेहत सहीं नहीं होते हुए भी वे अपने काम में सक्रिय हैं। वे बेड पर बैठकर ही पार्टी के मुखपत्र के लिए संपादकीय लिख रहे हैं।

संजय राऊत की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें मुंबई के भांडुप स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे पिछले कुछ दिनों से सार्वजनिक कार्यक्रमों और मीडिया से दूर हैं। फ़िलहाल उनकी ज़रूरी जांचें और इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत में सुधार हो रहा है। राऊत ने अस्पताल से अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में वह मरीजों के कपड़े पहने अस्पताल के बिस्तर पर बैठे नज़र आ रहे हैं। उनके हाथ पर सलाइन लगी हुई है। उनके एक हाथ में एक कागज और पेन है। कागज पर संपादकीय लिखा हुआ दिख रहा है।

कार्यकर्ता और प्रशंसक अनुमान लगा रहे हैं कि वह पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ के लिए कोई संपादकीय लिख रहे होंगे। राऊत ने इस तस्वीर को साझा करते हुए कोई कैप्शन नहीं दिया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि वे तबीयत ठीक नहीं होते हुए भी पार्टी के प्रति निष्ठा के लिए समर्पित हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार