Assam

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष : असम में भव्य विजयादशमी उत्सव की शुरुआत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष : असम में भव्य विजयादशमी उत्सव की शुरुआत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष : असम में भव्य विजयादशमी उत्सव की शुरुआत

गुवाहाटी, 02 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने आज से अपने शताब्दी वर्ष का कार्यक्रम देशभर में आरम्भ कर दिया है। 1925 में विजयादशमी के दिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा नागपुर में स्थापित यह संगठन आज 100 वर्ष का ऐतिहासिक पड़ाव पूरा कर चुका है।

असम में आरएसएस के कुल 60 हजार स्वयंसेवक आज से आरंभ विजयादशमी उत्सव में भाग लेंगे। इसके तहत 39 जिलों के 57 नगर और 300 खंडों में से कुल 320 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।

प्रांत प्रचार प्रमुख किशोर शिवम ने बताया कि भौगोलिक परिस्थितियों और समय को ध्यान में रखते हुए यह उत्सव 2 और 5 अक्टूबर को दो चरणों में मनाया जाएगा। आज असम और मेघालय के कुल 17 स्थानों पर विजयादशमी उत्सव मनाया गया, जिनमें मेघालय के पूर्व जयंतिया हिल्स जिले के फेरियात नगर और असम के बाक्सा जिले के मुसलपुर नगर प्रमुख हैं।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने पथ संचलन, शारीरिक प्रदर्शन और बौद्धिक सत्रों में भाग लिया। मुसलपुर में आयोजित समारोह को नलबाड़ी विभाग प्रचारक केशव भुइयां ने संबोधित किया।

आरएसएस के स्वयंसेवक प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़, भूकंप और कोरोना जैसे कठिन समय में नि:स्वार्थ भाव से सेवा करते आए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन से जुड़े लगभग 32 संगठन संघ के आदर्शों पर कार्यरत हैं।

संघ की शताब्दी विजयादशमी के तहत 5 अक्टूबर को असम प्रांत के 303 स्थानों पर उत्सव आयोजित होगा। दोनों दिनों के कार्यक्रमों में 60 हजार गणवेशधारी स्वयंसेवक और डेढ़ लाख से अधिक लोग शामिल होंगे।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top