

लखनऊ, 07 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम लखनऊ विभाग में बस्ती सह सम्पन्न हो रहे हैं। लखनऊ विभाग की 411 बस्तियों में से 285 बस्तियों का विजयादशमी उत्सव व पथ संचलन कार्यक्रम सम्पन्न हो चुका है। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मंगलवार को विजयादशमी उत्सव 50 बस्तियों में सम्पन्न हुआ। अर्जुन नगर की अटल बस्ती में अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन और भरत नगर गायत्री बस्ती में अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख अरूण जैन का प्रवास सम्पन्न हुआ।
अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख अरूण जैन ने स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि संघ किसी का विरोधी नहीं है जो राष्ट्र का विरोधी है, संघ उसका विरोध करता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उन सभी लोगों का स्वागत करता है जो भारत को अपनी मां मानते हैं। संघ अपनी शाखाओं के द्वारा व्यक्ति निर्माण का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण कर चुका है। संघ की स्थापना डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार ने वर्ष 1925 में विजयदशमी के दिन की थी। परम पूज्य डॉक्टर साहब जन्मजात देशभक्त थे। डॉक्टर साहब का मुख्य उद्देश्य भारत माता को परम वैभव पर पहुंचाते हुए पुनः विश्व गुरु बनाना था। अरुण ने कहा संघ के कई वैचारिक संगठन है जो विभिन्न क्षेत्रों में अपना कार्य पूर्ण निष्ठा के साथ कर रहे हैं । विद्यार्थियों के मध्य में जहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रेम की भावना राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना का प्रचार प्रसार कर रहा है। ठीक उसी तरह मजदूरों के लिए भारतीय मजदूर संघ, किसानों के लिए भारतीय किसान संघ अपने वनवासी भाइयों के लिए वनवासी कल्याण आश्रम, शिक्षा के क्षेत्र में विद्या भारती जैसे संगठन पूर्ण निष्ठा से अपना कार्य सतत रूप से करते आ रहे हैं।
रघुवीर नगर शहीद स्मारक बस्ती में अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख सुनील कुलकर्णी का प्रवास सम्पन्न हुआ। वहीं मोतीनगर बस्ती में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संपर्क प्रमुख मनोज ने स्वयंसेवकों को सम्बोधित किया। वहीं दिनकर बस्ती में लखनऊ के विभाग प्रचारक अनिल ने पंच परिवर्तन के विषयों को स्वयंसेवकों से अपने जीवन में अंगीकार करने का आहवान किया।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
