
-2026 तक हर घर तक पहुंचेगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
धमतरी, 21 नवंबर (Udaipur Kiran) । विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर लिया है। वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन स्थापित हुए संघ ने कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों को पार करते हुए समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति और संगठन विस्तार के बल पर आज यह ऐतिहासिक पड़ाव हासिल किया है।
शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ द्वारा अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक वर्षभर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें विजयादशमी उत्सव, गृहे-गृहे संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, सामाजिक सद्भाव बैठक, प्रमुख जन गोष्ठी तथा सितंबर-अक्टूबर 2026 में अधिक स्थानों पर शाखा विस्तारण जैसे बड़े आयोजन शामिल हैं।
धमतरी जिले में शताब्दी वर्ष की रूपरेखा बताते हुए जिला कार्यवाह धनेश्वर निर्मलकर ने कहा कि जिले को कार्य विस्तार की दृष्टि से धमतरी नगर की 15 बस्तियों, धमतरी, कुरूद, नगरी-मगरलोड के चार खंडों और 46 मंडलों में विभाजित किया गया है। उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष का पहला कार्यक्रम बस्ती एवं मंडल स्तर पर संपन्न हो चुका है, जबकि गृहे-गृहे संपर्क अभियान 15 नवंबर से जिलेभर में प्रारंभ हो गया है। दिसंबर में मंडल एवं बस्तियों में हिंदू सम्मेलन, जनवरी में खंड एवं जिला केंद्र पर युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के विवाहित और अविवाहित बंधु-भगिनी शामिल होंगे। फरवरी में नगर एवं खंड स्तर पर सामाजिक सद्भाव बैठकें होंगी, वहीं मार्च में जिला स्तर पर प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
ग्राम भिरई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गुरुर मंडल पलारी ने शताब्दी वर्ष के अवसर पर व्यापक गृह संपर्क अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से स्वयंसेवकों ने हर गांव बस्ती में घर – घर जाकर प्रत्यक्ष संवाद किया। जिसमें संघ विचार, संघ कार्य एवं उद्देश्यों की पूर्ति कर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बने। समाज में सकारात्मक एवं सांस्कृतिक गौरव का जागरण हो इस उद्देश्य से ग्राम भिरई में पूजन कर ग्राम के हर घरों में संपर्क अभियान हर्षोल्लास के साथ शुरू किया गया। इस कार्यक्रम में सुपेश साहू खंड कार्यवाह गुरुर का मार्गदर्शन रहा। साथ ही लिकेश हिंदू सह खंड कार्यवाह, वेदप्रकाश साहू, डीकेश्वर साहू, देवेश सिन्हा, रोशन साहू, चुम्मन कुमार, महेश्वर साहू, तोमन ठाकुर, झनेश्वर, नीरज सिन्हा, टाकेंद्र साहू, देवेंद्र, कौशल देवदास सहित ग्राम के स्वयंसेवक उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा