

– गृह मंत्री के साथ तमाम वीआईपी की सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
रांची, 08 जुलाई (Udaipur Kiran) । राजधानी रांची में 10 जुलाई को पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित होनी है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे। बैठक को देखते हुए रांची पुलिस की ओर से सुरक्षा की व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंगलवार को डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था होगी इसे लेकर रांची पुलिस के अफसरों और जवानों को ब्रीफ किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा कई राज्यों के मंत्री और अधिकारी 10 जुलाई को झारखंड की राजधानी रांची में होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे। गृह मंत्री सहित कई वीआईपी के आगमन को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। मंगलवार को डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा ने रांची के सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, सभी डीएसपी और प्रमुख थानेदारों के साथ सुरक्षा में तैनात होने वाले सभी जवानों कई निर्देश दिये। डीआईजी सह एसएसपी रांची ने बताया पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था रहेगी उसे लेकर बैठक की गई है। हर तरह की प्लानिंग की गई है। रूट मैप से लेकर वीआईपी के रहने, उनके आने-जाने के दौरान ट्रैफिक की व्यवस्था सभी बिंदुओं पर बेहतर प्लानिंग की गई है। उन्होंने बताया कि बैठक में सुरक्षा के पुख्ता और कड़े इंतजाम किये गये है।
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में रहेगा बदलाव
10 जुलाई को होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के कारण रांची में यातायात व्यवस्था बदलाव किए गए हैं। होटल रेडिसन ब्लू में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक होने वाली है। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। इस वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए रांची शहर की यातायात व्यवस्था में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध
10 जुलाई को सुबह छह बजे से रात दस बजे तक बड़े मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश और परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। छोटे मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश और परिचालन दो पालियों में वर्जित रहेगा, जिनमें सुबह आठ बजे से सुबह 11 बजे तक और शाम चार बजे से रात सात बजे तक।
ऑटो रिक्शा परिचालन में किया गया बदलाव
10 जुलाई सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक बिरसा चौक से सुजाता चौक तक ऑटो रिक्शा का प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। बिग बाजार चौक, रांची से कडरू ब्रिज के नीचे चौक तक (कार्यक्रम में भाग लेने वाले वाहनों को छोड़कर) सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश और परिचालन वर्जित रहेगा। यह प्रतिबंध विशेष रूप से वीवीआईपी काफिले की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए लगाया गया है। आवश्यकतानुसार, अन्य मार्गों को भी कम समय के लिए डायवर्ट या रोका जा सकता है। जनता से अनुरोध है कि वे यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए इन बदलावों को ध्यान में रखें।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
