
नई दिल्ली, 23 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत न्यास (इंटैक) ने अपनी वृत्तचित्र फिल्म कण-कण में राम का बुधवार को विमोचन किया। इंटैक बहुउद्देशीय हॉल में एक विशेष स्क्रीनिंग में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे। स्क्रीनिंग के बाद अपने संबोधन में शेखावत ने कहा कि यह फिल्म न केवल एक दृश्यात्मक उत्कृष्ट कृति है, बल्कि रामायण में निहित सार्वभौमिक मूल्यों का एक सांस्कृतिक संकलन भी है। उन्होंने इस बात की सराहना की कि कैसे यह वृत्तचित्र रामायण को न केवल पौराणिक कथाओं के रूप में, बल्कि एक जीवंत परंपरा के रूप में भी प्रस्तुत करता है जो भारतीय पहचान के साथ गहराई से जुड़ी हुई है। मंत्री शेखावत ने भारत के चल रहे सांस्कृतिक पुनर्जागरण में इंटैक की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। जल शक्ति मंत्रालय में अपने पूर्व अनुभव का उल्लेख करते हुए गंगा सांस्कृतिक दस्तावेजीकरण परियोजना में इंटैक के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की और भारत, विशेष रूप से गंगा बेसिन के सांस्कृतिक पदचिह्नों को समझने और संरक्षित करने की इसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
इस मौके पर इंटैक के अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकु, इंटैक के सदस्य सचिव रवींद्र सिंह तथा इंटैक के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। इस मौके पर इंटैक के अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि इंटैक का कार्यक्षेत्र मूर्त, अमूर्त और प्राकृतिक विरासत में विविध पहल शामिल है। देश की गौरवशाली विरासत के उचित प्रचार और प्रसार को सुनिश्चित करने के लिए इंटैक स्कूलों, शिल्प और प्रकाशनों के साथ काम कर रहा है।
———–
(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी
