
-महिलाओं ने उठाया निःशुल्क रोड़वेज यात्रा का लुत्फ
नारनाैल, 9 अगस्त (Udaipur Kiran) । जिले में शनिवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी।
इसके बदले में भाइयों ने भी अपनी बहनों को जहां जीवनभर उनकी रक्षा करने का प्रण दिया वहीं उनकी मनपसंद गिफ्ट देकर उनका सम्मान भी किया।
छोट-छोटे भाई-बहनों में भी इस पर्व को लेकर काफी उमंग दिखाई दी। रक्षाबंधन के पर्व को लेकर बाजारों में दिनभर रौनक छाई रही और खूब चहल-पहल रही। रक्षाबंधन के चलते बाजार में कई दुकानें अल सुबह से ही खुलनी आरंभ हो गई थी। राखियों, मिठाई और फलों की दुकानें सुबह से ही खुल गईं थी। लोगों का सुबह से ही आवागमन आरंभ होने से फल, राखियां और अन्य सामान की बिक्री बढ़ने से दुकानदारों ने खुशी प्रकट की। पुरा दिन बाजार में रौनक छाई रही। इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नही रहा।
वहीं सुबह से ही हरियाणा रोडवेज के साथ निजी वाहनों में लोगों का आवागमन लगा रहा। बस अड्डा में भी सुबह से ही विभिन्न स्थानों की ओर जाने के लिए यात्रियों का पहुंचना आरंभ हो गया था। यात्रियों की संख्या के आधार पर विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन किया गया। सरकार की ओर से महिलाओं के निःशुल्क यात्रा सुविधा दी गई। प्रदेश सरकार द्वारा रक्षाबंधन की रात 12 बजे तक महिलाओं तथा उसके साथ 15 साल तक के बच्चों के लिए बसों में फ्री यात्रा की हुई है। जिसके तहत नारनौल डिपो की करीब 150 बसें विभिन्न रूटों पर लगाई गई हैं। इनमें लोकल रूट पर 37 तथा लंबे रूट पर 67 बसें शामिल हैं।
यह सेवा शुक्रवार दोपहर बाद से शुरू की गई। हरियाणा रोडवेज के साथ राजस्थान परिवहन सेवा, सहकारी समितियों की निजी बसों में भी यात्रियों ने यात्रा की। इसके अलावा बहुत से लोग अपने निजी वाहनों से भी सफर करते नजर आए।
—————
(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला
