RAJASTHAN

रक्षाबंधन : जोधपुर में परंपरागत तरीके व हर्षोल्लास से मनाया रक्षा बंधन का पर्व

jodhpur

जोधपुर, 9 अगस्त (Udaipur Kiran) । भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षा बंधन पर्व शनिवार को हर्षोल्लास व परंपरागत तरीके से मनाया गया। इस बार रक्षा बंधन पर भद्रा का साया नहीं होने से राखी बांधने के लिए बहनों को पूरा दिन मिला।

बहनों ने रक्षा बंधन पर्व पर थाली सजाकर, दीप जलाकर, भाई के माथे पर कुमकुम का तिलक लगाकर और मिठाई से मुंह मीठा करवाकर कलाई पर रक्षा सूत्र के रूप में राखी बांधी। भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार के साथ जीवनभर की रक्षा का वचन दिया। रक्षा बंधन पर्व को लेकर शहर के सभी बाजार गुलजार रहे। मिठाइयों व राखियों की दुकानों पर भी भीड़ रही। यहां पर जमकर राखी, मिठाई व उपहार खरीदे गए। सुबह से राखी व मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ रही। बाजारों में राखियों की दुकानें सजाई गई। सडक़ किनारे टेबल लगा कर भी राखी बेची गई। रक्षाबंधन पर शहरवासी एक दूसरे को शुभकामनाएं देते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर भी राखी की शुभकामनाओं का तांता लगा रहा। शहर में गंगा-जमुना संस्कृति नजर आई। कई मुस्लिम बहनों ने भी अपने मुंह बोले भाइयों की कलाइयों तो हिन्दू बहनों ने अपने मुस्लिम भाइयों के हाथ पर राखी बांधी।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने बंधवाए रक्षा सूत्र

केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भाई-बहन के पवित्र और अटूट रिश्ते का पर्व घर-परिवार में हर साल की तरह जोधपुर में पूरे हर्षोल्लास से मनाया। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सुबह अपने अजीत कॉलोनी स्थित निवास पर बहनों और वहां आई महिलाओं व बालिकाओं से रक्षा सूत्र बंधवाए। इस दौरान शेखावत ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भारत व्रत, त्योहार, पर्व, उत्सव का देश है। इसमें सबसे महत्वपूर्व त्योहार रक्षाबंधन का त्योहार है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top