Madhya Pradesh

राजगढ़ः वंदे मातरम् भारत माता की आराधना का गौरव गीत है-राज्यमंत्री पंवार

भारत माता की आराधना का गौरव गीत है-राज्यमंत्री पंवार

राजगढ़, 7 नवंबर (Udaipur Kiran) । वंदे मातरम् कोई साधारण रचना नही है, यह भारत माता के चरणों में अर्पित एक अमूल्य गीत है, जिसने आजादी की लड़ाई में असंख्य वीरों के हृदय में बलिदान की ज्याति प्रज्वलित की। यह गीत वास्तव में गौरव गीत है, हमारी मातृभूमि के सम्मान का प्रतीक है। यह बात राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने शुक्रवार को वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान कही। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए प्रेरक उद्वोधन का लाइव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियाें के द्वारा राज्यमंत्री पंवार का बैंड की मधुर देशभक्ति धुनों के साथ स्वागत किया। राज्यमंत्री ने वंदे मातरम् गीत के इतिहास, महत्व और योगदान पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि वंदे मातरम् गीत मातृभूमि की माटी से जुड़ा हुआ वह भाव है, जिसने गुलामी की बेड़ियों को तोड़ने का साहस दिया। उन्होंने कहा कि बंकिमचंद्र चटोपाध्याय ने अपने उपन्यास आनंदमठ में वंदे मातरम् का अर्थ-हे मां तुझे प्रणाम बताया था। यह गीत भारत माता के प्रति श्रद्वा, समर्पण और गौरव का भाव प्रकट करता है। कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को इस गीत के महत्व और भावना को गहराई से समझना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में इस स्मरणोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत की, यह आयोजन एक वर्ष तक चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक है, जो 7 नवंबर 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री ने नागरिकों से आव्हान करते हुए कहा कि वंदे मातरम् की भावना को हृदय में संजोकर राष्ट्र की प्रगति और एकता में अपनी सक्रीय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में कलेक्टर डाॅ. गिरीशकुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर,जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि फूलसिंह तंवर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक