
राजगढ़, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । स्वतंत्रता दिवस के दो दिन पहले बुधवार को जिले के नरसिंहगढ़,खिलचीपुर पचोर,राजगढ़ सहित अन्य जगह भारत माता के जयकारों के साथ विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसका देशप्रेमियों ने जगह- जगह पुष्पवर्षा कर सत्कार किया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पचोर शहर के बस स्टेंड स्थित मुखर्जी चैक से तिरंगा यात्रा शुरु की गई, जो मुख्य बाजार, गांधी चौक, सराफा बाजार से निकली, जिसका जगह-जगह पुष्पवर्षा कर सत्कार किया गया। यात्रा के दौरान शासकीय-अशासकीय विधालय के विधार्थी हाथ में तिरंगा लेकर शामिल हुए, जो भारत माता की जय, वंदे मातरम के जयकारों के साथ हाथ में तिरंगा लहराते हुए चल रहे थे। वहीं यात्रा के दौरान शहर की गली-मौहल्ले में रहवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा लहराने का आव्हान किया गया।
यात्रा के दौरान राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, नगरपरिषद अध्यक्ष विकास करोड़िया, मंडल अध्यक्ष विकास दीक्षित सहित सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल रहे। वहीं जिले के नरसिंहगढ़, खिलचीपुर नगर में यात्रा के दौरान सड़कों पर भारत माता की जय, वंदे मातरम के जयकारों के साथ तिरंगे लहराए गए। नरसिंहगढ़ में तिरंगा यात्रा नगरपालिका परिसर से शुरु हुई, जो चंपी मौहल्ला, फूलबाग और विभिन्न चैराहों से होते हुए नगरपालिका परिसर में सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान विधायक मोहन शर्मा, नगर पालिका सीएमओ अभिषेक जैन, काॅलेज प्राचार्य सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
खिलचीपुर नगर में भाजपा मंडल द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा बालाजी मंदिर से शुरु हुई, जिसमें विभिन्न स्कूलों के विधार्थी और बड़ी तादाद में महिलाएं शामिल हुई। यात्रा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, मंडल अध्यक्ष बद्रीलाल दांगी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं मंगलवार को हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के तहत राजगढ़ में पुलिस और प्रशासन की पहल पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी खुली जीप में तिरंगा लहराते हुए निकले। यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी सहित अन्य लोग बाइकों पर तिरंगे के साथ शामिल रहे। तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन से शुरु होकर बिरसामंुडा चैक, मुख्य बाजार, गांधी चैक, पुराना बसस्टेंड, खिलचीपुर नाका, पुराना बसस्टेंड से होते हुए पुनःपुलिस लाइन पहुंची।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
